जोशीमठ : आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं के लिए 30 हजार की छात्रवृत्ति

Team PahadRaftar

संजय कुंवर जोशीमठ:। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन, कैरियर काउंसलिंग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए उपलब्ध छात्रवृत्ति योजना की जानकारी दी गई।

फाउंडेशन के जिला नोडल अधिकारी भीम सिंह ने बताया कि योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति का उद्देश्य आर्थिक बाधाओं के कारण छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न हो, यह सुनिश्चित करना है।

उन्होंने छात्राओं को सामाजिक कार्यों में भागीदारी के साथ ही शिक्षा की गुणवत्ता और बेहतर करियर निर्माण पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। कहा कि अजीम प्रेमजी फाउंडेशन विश्वविद्यालयों के माध्यम से उच्च शिक्षा को बेहतर बनाने और इसे समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है।

महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. जीके सेमवाल ने छात्राओं से छात्रवृत्ति योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नवीन पंत ने किया।

इस अवसर पर फाउंडेशन के नितिन बिष्ट, विजय प्रकाश निराला, नोडल छात्रवृत्ति अधिकारी डॉ. किशोरी लाल, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विवेक रावत, डॉ. राजेंद्र राणा, डॉ. उपेंद्र सिंह, डॉ. रणजीत सिंह, डॉ. धीरेन्द्र सिंह, डॉ. शैलेन्द्र सिंह रावत, डॉ. नवीन कोहली, डॉ. पवन कुमार समेत शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

You May Like