15 दिन तक ल्यांरी थैणा गांव में हुआ रामलीला का मंचन, विभीषण को लंका का राजपाट सौंप अयोध्या लौटे भगवान श्रीराम
रिपोर्ट : रघुबीर सिंह
उर्गमघाटी। उर्गमघाटी की ग्राम पंचायत ल्यांरी थैणा में 15 दिनों से चल रही श्रीरामलीला का भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ समापन हो गया। श्री नन्दा देवी रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला के अंतिम दिन कलाकारों ने श्रीराम के अयोध्या आगमन, भरत मिलाप और राज्याभिषेक के प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

रामलीला के अंतिम दिन हनुमान ने भरत को भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या पहुंचने की सूचना दी। 14 वर्षों से भाई के लौटने की प्रतीक्षा कर रहे भरत की आंखें खुशी से छलक उठीं। श्रीराम से मिलन के दौरान भरत और शत्रुघ्न ने वनवास के दौरान बीते पलों को साझा किया। इस दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया।
इसके बाद गुरु वशिष्ठ ने विधि-विधान से भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक किया। रामराज्य की स्थापना के प्रसंग के साथ भगवान श्रीराम ने विभीषण को लंका का राजपाट सौंपा और सुग्रीव, अंगद, नल व नील सहित सभी सहयोगियों को विदाई दी।

हनुमान और भगवान श्रीराम के बीच भक्ति और समर्पण का प्रसंग भी विशेष आकर्षण रहा। भगवान श्रीराम ने हनुमान को दिव्य माला भेंट कर विदा करना चाहा, लेकिन पवनपुत्र हनुमान ने माला के बजाय प्रभु श्रीराम के चरणों की सेवा को अपना सबसे बड़ा सौभाग्य बताया। इस प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
रामलीला में श्रीराम की भूमिका विपिन ममगाईं, सीता की दिव्या पंवार, लक्ष्मण की राहुल ममगाईं, हनुमान की देवेंद्र नेगी, भरत की रितिक और शत्रुघ्न की भूमिका सक्षम ने निभाई। कलाकारों के शानदार अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ज्योतिर्मठ अनूप नेगी, आचार्य मोहन प्रसाद सेमवाल, विनोद सिंह नेगी, ग्राम प्रधान यशोदा देवी, उपप्रधान संगीत, मास्टर प्रेम सिंह पंवार, तबला वादक कल्याण सिंह नेगी, रामलीला कमेटी अध्यक्ष दौलत सिंह रावत, उपाध्यक्ष इंद्र सिंह नेगी, सचिव राकेश नेगी, कोषाध्यक्ष प्रेम सिंह, सरपंच भागीरथी देवी ममगाईं, महिला मंगल दल अध्यक्ष नंदी देवी सहित सरिता देवी, भवानी, पुष्पा देवी, गुंजना रावत और गोदांबरी देवी समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
