ऊखीमठ :  पुरस्कार वितरण के साथ खट्टी-मीठी यादें देकर विदा हुआ मदमहेश्वर मेला

Team PahadRaftar

तीन दिन तक जीआईसी खेल मैदान में रही लोक संस्कृति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम, उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया सम्मानित

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : तीन दिनों तक लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर रहा मदमहेश्वर मेला खट्टी-मीठी यादों के साथ विदा हो गया। जीआईसी खेल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय मेले का समापन पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत मुख्य अतिथि और मदमहेश्वर धाम के प्रधान पुजारी शिव शंकर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने की।

मुख्य अतिथि ऐश्वर्या रावत ने कहा कि मदमहेश्वर मेला क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ती है। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए नगर पंचायत और मेला समिति की सराहना की।

विशिष्ट अतिथि प्रधान पुजारी शिव शंकर ने कहा कि भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने के अवसर पर आयोजित यह मेला धार्मिक आस्था और लोक संस्कृति का प्रतीक है। यह आयोजन क्षेत्र में आपसी मेल-मिलाप और सामाजिक एकजुटता को भी मजबूत करता है।

नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने कहा कि मेले का सफल आयोजन क्षेत्रीय जनता, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, महिला मंगल दलों, युवक मंगल दलों, विद्यालयों, स्थानीय कलाकारों और विभिन्न विभागों के सामूहिक सहयोग से संभव हुआ है। उन्होंने सभी सहयोगियों का आभार जताते हुए भविष्य में मेले को और भव्य स्वरूप देने का भरोसा दिलाया।

तीन दिनों तक आयोजित सांस्कृतिक संध्याओं में स्थानीय लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। मेले में उमड़ी भीड़ ने आयोजन की रौनक बढ़ाई। समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय राणा, सांसद प्रतिनिधि श्रीनन्द जमलोकी, ग्राम प्रधान आशा देवी, मिथला देवी, पूर्व प्रधान अंजना रावत, दलेब राणा, रीना अग्रवाल, विराट भट्ट, रजनी शर्मा, पदपेन्द्र रावत सहित जनप्रतिनिधि, मेला समिति के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

गौचर : पाण्डवाज की धुनों पर देर रात तक झूमता रहा गौचर मेला, देव स्तुतियों ने बांधा समां

केएस असवाल गौचर। 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले की छठवीं और अंतिम सांस्कृतिक संध्या उत्तराखंड के प्रसिद्ध बैंड पाण्डवाज के नाम रही। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज, देव स्तुतियों और पहाड़ी लोकगीतों की मधुर धुनों ने ऐसा समां बांधा कि पूरा मेला मैदान देर रात तक झूमता […]

You May Like