गौचर : अलविदा गौचर मेला… अगले साल फिर मिलेंगे, सात दिवसीय मेले का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ समापन

Team PahadRaftar

विधायक लखपत बुटोला ने मेले के मंच पर राजनीतिक दलों के बैनर-पोस्टर लगाने पर जताई आपत्ति, कहा- मेले की सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण जरूरी

केएस असवाल गौचर : खट्टी-मीठी यादों, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ सात दिवसीय 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शुक्रवार को समापन हो गया। अंतिम दिन मेले में ‘अलविदा गौचर मेला, अगले साल फिर मिलेंगे’ की भावनाओं के बीच विजेता प्रतिभागियों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

भारत के प्रथम प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन 14 नवंबर से शुरू हुए मेले में सात दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद प्रतियोगिताओं और व्यापारिक गतिविधियों की धूम रही। विभिन्न विभागों ने स्टालों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, लोक संस्कृति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मेला अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी अलकेश नौडियाल के नेतृत्व में आयोजित मेले में सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले महिला और पुरुषों को भी सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने फुटबॉल और वालीबॉल प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। फुटबॉल प्रतियोगिता की विजेता टीम को 61 हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर विधायक लखपत बुटोला ने मेले के सफल आयोजन के लिए मेला अधिकारी अलकेश नौडियाल और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेले हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के द्योतक हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने मंच पर मेला संस्थापकों और पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्रों के स्थान पर राजनीतिक दलों के बैनर-पोस्टर लगाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि गौचर मेला किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं है। वर्ष 2027 में कांग्रेस की सरकार बनने पर इस परंपरा को समाप्त करने का प्रयास किया जाएगा।

विधायक ने पहाड़ में जंगली जानवरों और बंदरों से खेती तथा ग्रामीण आजीविका को हो रहे नुकसान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जंगली जानवरों ने पहाड़ की आजीविका को तहस-नहस कर दिया है, लेकिन सरकार लोगों की समस्याओं को सुनने को तैयार नहीं है।

कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने भी मेला अधिकारी की सराहना करते हुए कहा कि गौचर मेले का आयोजन आसान काम नहीं है। इसके बावजूद अलकेश नौडियाल ने अपने पहले मेले का सफल संचालन किया है। उन्होंने सुझाव दिया कि आगामी 75वें मेले की तैयारियों के लिए दो माह पहले से ही जनता की राय लेकर आयोजन की रूपरेखा तैयार की जानी चाहिए।

नगर पालिका अध्यक्ष एवं मेला उपाध्यक्ष संदीप नेगी ने मेला अधिकारी और उनकी टीम को बधाई देते हुए मुकेश नेगी के सुझाव का समर्थन किया। कार्यक्रम का संचालन हर्षवर्धन थपलियाल और अर्जुन नेगी ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रेखा बिष्ट, कांग्रेस नगर अध्यक्ष जगदीश कनवासी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख कमल सिंह रावत, सेवानिवृत्त वन विकास निगम अधिकारी सुरेंद्र सिंह नेगी, शिवलाल भारती, मंजू खत्री, उपासना बिष्ट, अंजू राणा, अनिता चौहान, मदन लाल टम्टा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

उर्गमघाटी : श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ रामलीला का समापन, भावुक हुए दर्शक

15 दिन तक ल्यांरी थैणा गांव में हुआ रामलीला का मंचन, विभीषण को लंका का राजपाट सौंप अयोध्या लौटे भगवान श्रीराम रिपोर्ट : रघुबीर सिंह उर्गमघाटी। उर्गमघाटी की ग्राम पंचायत ल्यांरी थैणा में 15 दिनों से चल रही श्रीरामलीला का भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ समापन हो गया। श्री […]

You May Like