
40 साल बाद आयोजित रण देवरा यात्रा के तहत सलूड-डुंग्रा में हुआ भव्य आयोजन, रविवार को लाता के लिए होगी विदाई
संजय कुंवर
ज्योतिर्मठ। विश्व सांस्कृतिक धरोहर रम्माण की धरती पर सिद्धपीठ लाता मां नंदा भगवती की 40 साल बाद आयोजित पांच दिवसीय रण देवरा यात्रा के तहत शनिवार को मायके सलूड-डुंग्रा में नंदा अष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मेले में क्षेत्र के दर्जनों गांवों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में ध्याणियों ने भी मायके पहुंचकर मां नंदा के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया।
तीन ग्राम पंचायतों सलूड, डुंग्रा और डुंग्री-बरोसी के ग्रामीणों की ओर से आयोजित मेले में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। मां नंदा के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। मेले में आसपास के गांवों के ग्रामीणों के साथ दूर-दराज से रिश्तेदार भी शामिल हुए।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य भरत सिंह कुंवर ने बताया कि नंदा अष्टमी मेले में हजारों श्रद्धालुओं ने मां भगवती के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मेला समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई थी।
उन्होंने बताया कि रण देवरा यात्रा के तहत रविवार को क्षेत्रवासी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां नंदा भगवती को उनके सिद्धपीठ लाता गांव के लिए विदा करेंगे। 40 साल बाद आयोजित इस यात्रा को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है।
