
उमा देवी मंदिर में यक्षी अरोड़ा के साथ लिए सात फेरे, सादगी से संपन्न हुआ विवाह समारोह
गिरीश चंदोला
कर्णप्रयाग : सात दिवसीय गौचर मेले के सफल आयोजन और समापन की जिम्मेदारी निभाने के अगले ही दिन कर्णप्रयाग के उपजिलाधिकारी एवं मेला अधिकारी अलकेश नौडियाल ने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। 21 नवंबर को उन्होंने कर्णप्रयाग स्थित प्रसिद्ध उमा देवी मंदिर में अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण की उपजिलाधिकारी यक्षी अरोड़ा के साथ सात फेरे लिए।
14 से 20 नवंबर तक आयोजित 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी एसडीएम अलकेश नौडियाल के कंधों पर थी। मेला अधिकारी के रूप में उन्होंने पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं का संचालन किया। 20 नवंबर को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ मेले का समापन हुआ। इसके अगले ही दिन उन्होंने विवाह की रस्में पूरी कर जीवन की नई पारी शुरू की।
खास बात यह रही कि दोनों अधिकारियों ने अपने विवाह को भव्य आयोजन और दिखावे से दूर रखते हुए सादगी से संपन्न करने का निर्णय लिया। उमा देवी मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच विवाह हुआ, जिसमें दोनों परिवारों के चुनिंदा परिजन ही शामिल हुए।
वर्ष 2023 बैच के पीसीएस अधिकारी अलकेश नौडियाल मूल रूप से उत्तरकाशी जिले के पुरोला के निवासी हैं, जबकि यक्षी अरोड़ा मूल रूप से काशीपुर की रहने वाली हैं। वर्तमान में वह अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण में एसडीएम के पद पर तैनात हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले चमोली के जिलाधिकारी रह चुके संदीप तिवारी ने भी गोपेश्वर के प्रसिद्ध गोपीनाथ मंदिर में सादगीपूर्ण तरीके से विवाह किया था। अब एसडीएम अलकेश नौडियाल और यक्षी अरोड़ा का सादगीपूर्ण विवाह भी क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। मेले की व्यस्त जिम्मेदारी पूरी करने के बाद अगले ही दिन वैवाहिक जीवन की शुरुआत करना उनकी कार्य के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

