चमोली : स्वगणना की धीमी रफ्तार पर सीडीओ नाराज, 26 नवंबर तक कर्मचारियों का पंजीकरण कराने के निर्देश

Team PahadRaftar

नगर निकायों में शिविर लगाकर लोगों को किया जाएगा जागरूक, कूड़ा वाहनों से भी होगा प्रचार-प्रसार

चमोली। जनगणना 2026 के तहत जिले में स्वगणना अभियान की धीमी प्रगति पर मुख्य विकास अधिकारी दीपक रामचंद्र शेट ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को 26 नवंबर तक अपने कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों की स्वगणना पूरी कराने के निर्देश दिए हैं।

शनिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सीडीओ ने स्वगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जनगणना के प्रथम चरण में सभी विभागों के कर्मचारियों की स्वगणना अनिवार्य रूप से पूरी कराई जाए। इसके लिए विभागाध्यक्ष कर्मचारियों को निर्धारित समयसीमा में प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में शिविर लगाकर आम लोगों को स्वगणना के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही कूड़ा वाहनों के माध्यम से भी अभियान का प्रचार-प्रसार करने को कहा। जनगणना प्रशिक्षण में शामिल प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को भी स्वगणना के लिए लोगों को प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने जिले के गणमान्य व्यक्तियों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि निर्धारित समय में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल, अर्थ एवं संख्याधिकारी विनय जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिले के अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : मां नंदा के अष्टमी मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

40 साल बाद आयोजित रण देवरा यात्रा के तहत सलूड-डुंग्रा में हुआ भव्य आयोजन, रविवार को लाता के लिए होगी विदाई संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। विश्व सांस्कृतिक धरोहर रम्माण की धरती पर सिद्धपीठ लाता मां नंदा भगवती की 40 साल बाद आयोजित पांच दिवसीय रण देवरा यात्रा के तहत शनिवार को […]

You May Like