चमोली : गोपेश्वर में एकल अभियान के नए अंचल कार्यालय का शुभारंभ, 270 गांवों में संचालित हो रहे विद्यालय

Team PahadRaftar

सेवा, संस्कार और संस्कृति के संरक्षण में जुटा एकल अभियान

गोपेश्वर। एकल अभियान अंचल गोपेश्वर के नए कार्यालय का शुभारंभ अंचल प्रभारी अतुल साह ने विधिवत रूप से किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ अभियान से जुड़ी कार्यकर्ता बहनें मौजूद रहीं।

कार्यालय शुभारंभ के अवसर पर अतुल साह ने अभियान की पूर्णकालिक कार्यकर्ता बहनों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए मिष्ठान वितरित किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता के प्रसार में उनके योगदान की सराहना की।

अतुल साह ने कहा कि एकल अभियान केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण भारत में शिक्षा, स्वावलंबन, सेवा, संस्कार और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का माध्यम है। अंचल गोपेश्वर के अंतर्गत नौ संचों के माध्यम से 270 गांवों में 270 विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इनमें आचार्य बहनों और पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों को शिक्षा एवं संस्कार देने के साथ सत्संग, स्वावलंबन और सामाजिक गतिविधियों से भी जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ग्राम समितियों के माध्यम से सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और पारंपरिक मूल्यों को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद गांव-गांव तक शिक्षा और संस्कार की अलख जगाने में मातृशक्ति की भूमिका सराहनीय है।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नवनियुक्त सह-संघचालक हरिप्रसाद मंगाई, खंड नगर प्रचारक दिनेश, बंड विकास संगठन के पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान संरक्षक शंभू प्रसाद सती, अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी, महामंत्री हरीश पुरोहित, एकल अभियान अंचल गोपेश्वर की महिला अध्यक्ष मीना तिवारी, सचिव नीरजा, अंचल अभियान प्रमुख रश्मि, गतिविधि प्रमुख अनूप और प्रशिक्षण प्रमुख रेखा सहित विभिन्न संचों की प्रमुख बहनें एवं अभियान के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अतुल साह ने कहा कि निस्वार्थ सेवा ही सच्ची साधना है और संस्कारवान समाज ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने अभियान की निरंतर प्रगति और इससे जुड़े सभी कार्यकर्ताओं के सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना की।

Leave a Reply

You May Like