चमोली : 14 नवंबर से शुरू होगा 74वां गौचर मेला, सात दिन तक दिखेगा संस्कृति और विकास का संगम

Team PahadRaftar

नए लोगो और शुभंकर के साथ इस बार बदलेगा मेले का स्वरूप, सुरक्षा से लेकर यातायात तक रहेंगे विशेष इंतजाम

केएस असवाल 

गोपेश्वर / गौचर : चमोली जिले का ऐतिहासिक 74वां राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेला 14 से 20 नवंबर तक आयोजित होगा। मेले को भव्य रूप देने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार मेले में स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, लोकसंस्कृति और उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ कई नए आकर्षण देखने को मिलेंगे।

मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जिला सभागार गोपेश्वर में अधिकारियों और मेला समितियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से समय पर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। कहा कि मेले में आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।

उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल ने बताया कि इस बार मेले का नया लोगो और शुभंकर तैयार किया गया है। मेला मैदान का नया लेआउट, आकर्षक मंच, बेहतर लाइट एवं साउंड व्यवस्था, मिनी मेला मार्केट और सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे। मेले के प्रचार-प्रसार के लिए वेबसाइट तैयार की गई है। साथ ही सोशल मीडिया पर कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण किया जाएगा।

बच्चों और बुजुर्गों के लिए होंगी विशेष सुविधाएं

जिलाधिकारी ने बच्चों के लिए सुरक्षित गतिविधियां विकसित करने और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मेले में वाटर एटीएम स्थापित करने के साथ खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग कराई जाएगी। उन्होंने स्थानीय विकास, स्वरोजगार और जनजागरूकता से जुड़ी गोष्ठियों को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।

यातायात और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मेले के दौरान यातायात नियंत्रण और पार्किंग के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए अस्थायी मेला पुलिस चौकी स्थापित करने के साथ पर्याप्त पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की तैनाती होगी। मेले को नशामुक्त रखने के लिए भी निगरानी की जाएगी। निर्बाध बिजली-पानी की आपूर्ति, अतिरिक्त वाटर टैंकर, सफाई कर्मियों, कूड़ा वाहनों और मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था भी की जाएगी।

मेले के आयोजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, उद्योग एवं विकास प्रदर्शनी, खेलकूद, यातायात, पेयजल, विद्युत और महिला सशक्तीकरण सहित विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी गौरव कुमार सहित अन्य अतिथियों ने 74वें गौचर मेले के नए लोगो का अनावरण किया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और मेला हितधारक मौजूद रहे।

मेले की विस्तृत जानकारी www.gaucharmela.in पर उपलब्ध होगी।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : वाराणसी में कल संत-महापुरुषों के सानिध्य में सम्मानित होंगे बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती

संस्कृति संसद-2026 और अंतरराष्ट्रीय जैन जी कॉन्क्लेव में कर रहे प्रतिभाग, धार्मिक-सांस्कृतिक योगदान के लिए मिलेगा सम्मान संजय कुंवर ज्योतिर्मठ। श्री बदरीनाथ – केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष पंडित ऋषि प्रसाद सती को धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में योगदान के लिए बुधवार को वाराणसी में सम्मानित किया जाएगा। […]

You May Like