
डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, संबंधित लोगों पर मुकदमा दर्ज कराने के आदेश
गिरीश चंदोला चमोली : बिरही में गौचर भूमि पर अवैध निर्माण के मामले में जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण स्थल पर कोई भी व्यक्ति काम करता नहीं मिला। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भवन को तत्काल सील करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने और उपजिलाधिकारी चमोली को सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरे मामले की विस्तृत जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा।
डीएम ने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा और अनधिकृत निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, एसडीएम राजकुमार पांडेय, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, तहसीलदार दीप्ति शिखा सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

