चमोली : 2027 के चुनाव के लिए भाजपा ने तेज की तैयारी, गढ़वाल में संगठन महामंत्री का सघन प्रवास

Team PahadRaftar

बूथ मजबूत करने और सरकार की योजनाएं जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान, बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में किए दर्शन

गढ़वाल / चमोली । आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के सघन प्रवास पर हैं। इस दौरान वह विभिन्न सांगठनिक जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। बैठकों में बूथ सशक्तीकरण, संगठन विस्तार और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

प्रवास के दौरान फणींद्रनाथ शर्मा ने बदरीनाथ और केदारनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरी विशाल और बाबा केदार के दर्शन किए। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

सांगठनिक बैठकों में उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करे। उन्होंने ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ और ‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’ के संकल्प के साथ बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जनता के साथ निरंतर संवाद और बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार है। कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा उत्तराखंड में तीसरी बार सरकार बनाएगी।

विपक्ष की भूमिका पर भी उठाए सवाल

फणींद्रनाथ शर्मा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। वह झूठी और मनगढ़ंत कहानियों के सहारे राजनीति करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका है। उसे सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका निभाते हुए प्रदेश के विकास में सहयोग करना चाहिए।

पर्यटन से युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में तीर्थाटन और पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। पंच बदरी, पंच केदार और पंच प्रयाग सहित धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित कर स्थानीय युवाओं को होमस्टे, पर्यटन व्यवसाय और स्वरोजगार से जोड़ा जा सकता है। इसके लिए व्यवस्थित रोडमैप और कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

सांगठनिक बैठकों में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, दायित्वधारी रामचंद्र गोड, हरक सिंह नेगी, चंद्रकला तिवारी, प्रेम सिंह राणा, जिला सहकारी बैंक चमोली के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, नगर पालिका परिषद कर्णप्रयाग के अध्यक्ष गणेश साह और राज्य मंत्री खिलाप सिंह गढ़िया सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा रुद्रप्रयाग के जिला प्रभारी सतीश लखेड़ा, सह प्रभारी रघुबीर सिंह बिष्ट, चमोली के प्रभारी संपत सिंह रावत, सह प्रभारी महावीर सिंह पंवार, जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट और चमोली के जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह बर्तवाल सहित विभिन्न सांगठनिक जिलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : 14 नवंबर से शुरू होगा 74वां गौचर मेला, सात दिन तक दिखेगा संस्कृति और विकास का संगम

नए लोगो और शुभंकर के साथ इस बार बदलेगा मेले का स्वरूप, सुरक्षा से लेकर यातायात तक रहेंगे विशेष इंतजाम केएस असवाल  गोपेश्वर / गौचर : चमोली जिले का ऐतिहासिक 74वां राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेला 14 से 20 नवंबर तक आयोजित होगा। मेले को भव्य रूप देने के […]

You May Like