
विभिन्न प्रांतों के कलाकारों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां, पंडित मोहन सिंह रावत सम्मानित
जसपाल नेगी
पौड़ी : केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के सौजन्य और पराज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के सहयोग से सोमवार को पौड़ी स्थित प्रेक्षागृह में लोकरंग उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। उत्सव में देश के विभिन्न प्रांतों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी शानदार लोक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उत्सव में गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, कश्मीर, हरियाणा और उत्तराखंड के कलाकारों ने अपनी-अपनी पारंपरिक लोकनृत्य और लोकगायन की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। रंग-बिरंगी वेशभूषा, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और लोकधुनों से सजे कार्यक्रम ने प्रेक्षागृह में सांस्कृतिक उल्लास का माहौल बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विभिन्न राज्यों की लोक परंपराओं, लोकनृत्यों और लोकगीतों को समझने का सशक्त माध्यम हैं। साथ ही ये नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर प्रसिद्ध संगीतकार पंडित मोहन सिंह रावत को भी सम्मानित किया गया। उनके सम्मान पर उपस्थित लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी, सुनीता भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष कमलकिशोर रावत, डॉ. वीपी बलोदी, मनोज रावत अंजुल, अनिल बिष्ट समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

