जसपाल नेगी पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी एक दर्जन से अधिक जन शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया, जबकि शेष प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में श्रीनगर के स्वीत गांव निवासी दिनेश सिंह रावत ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से प्रभावित भूमि के सापेक्ष देय ब्याज राशि के भुगतान का मामला उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को शिकायतकर्ता से आवश्यक अभिलेख प्राप्त कर नियमानुसार ब्याज राशि के भुगतान की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने के निर्देश दिए।
तहसील पौड़ी के केवर्स गांव के ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति नियमित न होने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान को बैठक समाप्त होते ही शिकायतकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, कलियासौड़ निवासी मदनलाल द्वारा पेयजल संकट की शिकायत पर अवर अभियंता को तत्काल मौके पर भेजकर समस्या का निस्तारण करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जन समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेय सयाना, जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी तपेश कुमार चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

