ज्योतिर्मठ : जागरूकता ही नशे के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार : पुनीत कुमार

Team PahadRaftar

संजय कुंवर

ज्योतिर्मठ : राजकीय महाविद्यालय जोशीमठ में शनिवार को नशामुक्ति पर आयोजित व्याख्यानमाला में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों और इससे बचाव के उपाय बताए गए। इस दौरान सिविल जज (सीडी) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चमोली के सचिव पुनीत कुमार ने कहा कि नशे के विरुद्ध जागरूकता ही सबसे प्रभावी उपाय है।

महाविद्यालय के एंटी ड्रग्स सेल की ओर से आंतरिक गुणवत्ता सुनिश्चितीकरण प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चमोली के समन्वय से एडुसैट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी ने मुख्य वक्ता के स्वागत एवं सम्मान के साथ की।

“नशामुक्ति के बारे में न्यायिक साक्षरता” विषय पर बोलते हुए पुनीत कुमार ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की मेरुदंड है, लेकिन नशे और ड्रग्स की बढ़ती प्रवृत्ति युवा पीढ़ी को भीतर से कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस एक्ट 1985 का कड़ाई से पालन, सामाजिक जागरूकता, आत्मसंयम और विवेकपूर्ण शिक्षा के जरिए ही इस चुनौती से निपटा जा सकता है।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने घर-परिवार और आसपास के वातावरण पर नजर रखें तथा नशे के कारोबार और तस्करी की निर्भीक होकर सूचना दें। साथ ही नशे की लत से बाहर आने के व्यवहारिक उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी।

इस मौके पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश डोभाल, डॉ. जीके सेमवाल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्राविधिक कार्यकर्ता, एंटी ड्रग्स सेल की टीम और महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी डॉ. चरणसिंह केदारखंडी ने किया।

Next Post

गौचर : 103 वर्ष की संघे देवी पंचतत्व में विलीन, गौचर में शोक की लहर

केएस असवाल गौचर। नगरपालिका क्षेत्र गौचर के रावल नगर की वरिष्ठ महिला संघे देवी का शुक्रवार शाम 103 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को अलकनंदा नदी तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। संघे […]

You May Like