कीर्ति चक्र विजेता शहीद सुरजन सिंह भंडारी को श्रद्धांजलि
केएस असवाल गौचर। विकासखंड पोखरी के रानों गांव में मंगलवार को कीर्ति चक्र विजेता शहीद एनएसजी कमांडो सुरजन सिंह भंडारी की पुण्य स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान परिजनों, ग्रामीणों, पूर्व सैनिकों और जनप्रतिनिधियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2002 में गुजरात के अक्षरधाम मंदिर पर हुए आतंकी हमले के दौरान सुरजन सिंह भंडारी ने अदम्य साहस का परिचय दिया था। गढ़वाल स्काउट से एनएसजी में डेपुटेशन पर गए सुरजन सिंह ने आतंकवादियों से मुकाबला करते हुए कई लोगों की जान बचाई। ऑपरेशन के दौरान गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घायल होने के बाद उनका उपचार अहमदाबाद और बाद में एम्स दिल्ली में चला। लंबे समय तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने वाले सुरजन सिंह भंडारी की वीरता को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें कीर्ति चक्र से सम्मानित किया था।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बदरीनाथ विधायक , पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश नेगी, ग्राम प्रधान कल्पेश्वरी देवी भंडारी, कैप्टन गजेंद्र सिंह भंडारी, सुबेदार गोविंद सिंह भंडारी, वीरेंद्र भंडारी और शहीद की माता सुरेशी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

