ऊखीमठ : गौण्डार में सार्वजनिक आयोजनों में शराब पर बैन, रैली निकाल दिया संदेश

Team PahadRaftar

गौण्डार में सार्वजनिक आयोजनों में शराब पर बैन, रैली निकाल दिया संदेश

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ: मदमहेश्वर घाटी के सीमांत गांव गौण्डार में ग्रामीणों ने सामाजिक सुधार की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। गांव में अब किसी भी सार्वजनिक आयोजन में शराब परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह निर्णय ग्राम सभा में सर्वसम्मति से लिया गया।

ग्राम प्रधान अनूप पंवार की अध्यक्षता में हुई बैठक में महिला मंगल दल, युवक मंगल दल, बुजुर्गों व जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सार्वजनिक आयोजनों में शराब से सामाजिक माहौल खराब होता है और इसका असर युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है, जिसे देखते हुए यह निर्णय जरूरी था।

निर्णय के बाद ग्रामीणों ने गांव में जागरूकता रैली निकाली। रैली में महिलाएं, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। “नशा मुक्त गांव बनाना है” और “शराब छोड़ो, समाज जोड़ो” जैसे नारों के साथ पूरे गांव में जनजागरण किया गया।

महिला मंगल दल अध्यक्ष प्रतिभा देवी ने कहा कि इस फैसले से महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सामाजिक कार्रवाई की जाएगी।

युवक मंगल दल के सदस्यों ने भी इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। ग्राम प्रधान अनूप पंवार ने कहा कि गांव के विकास और बेहतर सामाजिक वातावरण के लिए ऐसे निर्णय आगे भी लिए जाते रहेंगे।

ग्रामीणों की इस पहल को नशा मुक्ति की दिशा में मजबूत कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

You May Like