राज्य स्थापना दिवस पर भराड़ीसैंण से मुख्यमंत्री धामी की 13 घोषणाएं, अतिथि शिक्षकों को भी मिलेगी सौगात
केएस असवाल
गैरसैंण (चमोली), 9 नवंबर। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण से प्रदेशवासियों को 13 बड़ी सौगातें दीं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा कार्यकत्रियों और भोजन माताओं के मानदेय में एक दिसंबर से वृद्धि की जाएगी। वहीं, अतिथि शिक्षकों का मानदेय भी बढ़ाया जाएगा। राज्य आंदोलनकारियों की लंबित मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए कैबिनेट समिति गठित करने की घोषणा भी की गई।
सोमवार को विधानसभा भवन परिसर भराड़ीसैंण में राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों ने जिस विकसित और समृद्ध उत्तराखंड का सपना देखा था, उसे साकार करना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था वर्ष 2022 में 2.55 लाख करोड़ रुपये थी, जो बढ़कर 3.82 लाख करोड़ रुपये हो गई है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है, जबकि तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
वन्यजीव हमले के पीड़ितों को मिलेगी अतिरिक्त सहायता
मुख्यमंत्री ने वन्यजीवों के हमले में घायल होने वाले लोगों को प्लास्टिक सर्जरी जैसे महंगे उपचार के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके साथ ही प्रत्येक जिले में जिला मुख्यालय से अलग नगरपालिका क्षेत्रों में दो-दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी और वाचनालय स्थापित किए जाएंगे। अन्य माध्यमों से बिजली प्राप्त कर रहे राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ने की भी घोषणा की गई।
प्रदेश में निवेश के इच्छुक प्रवासियों के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया सरल बनाई जाएगी। बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को घर बैठे सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ‘अपुणि सरकार’ पोर्टल को और प्रभावी बनाया जाएगा। छोटे किसानों और बिजली उपभोक्ताओं के विलंब से जमा होने वाले बिजली बिलों पर लगने वाला सरचार्ज भी माफ किया जाएगा।
दो लोक कलाकारों को मिलेगा उत्तराखंड गौरव सम्मान
लोकसंस्कृति और लोकभाषाओं के संरक्षण में योगदान के लिए स्वर्गीय गोपाल बाबू गोस्वामी और स्वर्गीय चन्द्र सिंह राही को उत्तराखंड गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा। लखपति दीदियों को कारोबार विस्तार और नए स्वरोजगार के लिए दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
राज्य आंदोलनकारियों की मांगों के समाधान के लिए गठित होने वाली कैबिनेट समिति चिह्नीकरण नियमों में छूट, दोहरी पेंशन और आश्रितों को प्रमाणपत्र देने जैसे मामलों पर संस्तुति देगी। वर्ष 2013-14 में नियुक्त राज्य आंदोलनकारियों के अधिनियम के दायरे में आने वाले मामलों पर भी सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
समारोह में मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों और लोकगायक स्वर्गीय गोपाल बाबू गोस्वामी के परिजनों को सम्मानित किया। कृषि, उद्यानिकी, स्वरोजगार और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान परेड का निरीक्षण कर मुख्यमंत्री ने सलामी ली।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और राज्य आंदोलनकारी मौजूद रहे।
