ऊखीमठ : मक्कूमठ में विराजमान हुए भगवान तुंगनाथ, सोमवार से शुरू होगी शीतकालीन पूजा

Team PahadRaftar

सैकड़ों श्रद्धालु बने ऐतिहासिक पल के साक्षी, ग्रीष्मकालीन यात्रा निर्विघ्न संपन्न होने पर जताया आभार

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। पंचकेदारों में तृतीय केदार के रूप में विश्वविख्यात भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली रविवार को विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के साथ उनके शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ में विराजमान हो गई। डोली के मक्कूमठ पहुंचने पर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। सैकड़ों श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने इस पावन अवसर के साक्षी बनकर आराध्य के दर्शन किए। सोमवार से मक्कूमठ में भगवान तुंगनाथ की शीतकालीन पूजा विधिवत शुरू हो जाएगी।

रविवार को ब्रह्म बेला में भनकुंड में विद्वान आचार्यों ने पंचांग पूजन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर भगवान तुंगनाथ और 33 कोटि देवी-देवताओं का आह्वान किया। इसके बाद सुबह ठीक 10 बजे भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ के लिए रवाना हुई। यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर ग्रामीणों ने पुष्प और अक्षत अर्पित कर डोली का भव्य स्वागत किया। राकसी नदी पहुंचने पर भगवान तुंगनाथ की डोली सहित विभिन्न देवी-देवताओं के निशाणों को गंगा स्नान कराया गया।

मक्कूमठ पहुंचने पर श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने भगवान तुंगनाथ को लाल-पीले वस्त्र अर्पित कर मनौतियां मांगीं और पूजा सामग्री से अर्घ्य देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान मठापति मुकेश मैठाणी ने दान की परंपराओं का निर्वहन किया। विद्वान आचार्यों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कर भगवान की आरती उतारी। इसके बाद भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली को शीतकालीन गद्दीस्थल के गर्भगृह में विराजमान किया गया।

मंदिर समिति के प्रबंधक प्रकाश पुरोहित ने बताया कि भगवान तुंगनाथ की डोली के कैलाश से मक्कूमठ आगमन को लेकर शीतकालीन गद्दीस्थल को भव्य रूप से सजाया गया है। सोमवार से यहां भगवान की शीतकालीन पूजा विधिवत शुरू होगी। शीतकाल में श्रद्धालु मक्कूमठ पहुंचकर भगवान तुंगनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

वहीं, हिमालय में सर्वाधिक ऊंचाई पर स्थित तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ की ग्रीष्मकालीन यात्रा निर्विघ्न संपन्न होने पर बदरी-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण ने तीर्थयात्रियों, तीर्थ पुरोहित समाज, हक-हकूकधारियों और आम जनमानस का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, उक्रांद नेता आशुतोष भंडारी, सामाजिक कार्यकर्ता खुशहाल सिंह नेगी, प्रधान सुनीता मैठाणी, विनोद नेगी, पूर्व प्रधान विजयपाल नेगी, अतुल मैठाणी, गीता राम मैठाणी, रविंद्र मैठाणी, प्रमोद मैठाणी, भरत मैठाणी, दीपक बमोला, चंद्रमोहन बजवाल, आनंद सिंह रावत, उमेद सिंह नेगी, नरेंद्र भंडारी, जीतपाल भंडारी सहित मंदिर समिति के अधिकारी-कर्मचारी, हक-हकूकधारी और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : उत्तराखंड स्थापना दिवस पर ऊखीमठ में शहीद अशोक कैशिव को किया नमन

पूर्व विधायक मनोज रावत सहित कांग्रेसजनों ने स्मारक पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ :  उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर ऊखीमठ में कांग्रेसजनों ने राज्य आंदोलन के अमर शहीद अशोक कैशिव के स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान राज्य निर्माण के लिए आंदोलनकारियों […]

You May Like