
संजय कुंवर, बदरीनाथ धाम
भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम में दीपोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भगवान बदरी विशाल का मंदिर गेंदे, चंपा और चमेली के फूलों से सजाया जा रहा है। फूलों की आकर्षक सजावट से सिंहद्वार सहित पूरा मंदिर परिसर दिव्य छटा बिखेर रहा है। धाम पहुंच रहे श्रद्धालु मंदिर के इस मनोहारी स्वरूप को निहारकर अभिभूत हो रहे हैं।
धनतेरस से दीपावली तक बदरीनाथ धाम में उत्सव का माहौल रहेगा। धनतेरस के अवसर पर भगवान बदरी विशाल की बद्रीश पंचायत में विराजमान देवी-देवताओं के साथ भगवान के खजांची कुबेर जी और माता लक्ष्मी की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
मंदिर का पुष्प शृंगार ऋषिकेश की राम विश्वास बदरी नारायण फ्लावर शॉप की ओर से किया जा रहा है। खास बात यह है कि फ्लावर शॉप संचालक के दिवंगत भाई बदरी नारायण की स्मृति में उनके परिजन हर वर्ष बदरीनाथ मंदिर को फूलों से सजाते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी मंदिर परिसर को विभिन्न प्रजातियों के फूलों से भव्य रूप दिया जा रहा है।
फूलों से सजे मंदिर की सुंदरता श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई है। दीपोत्सव के अवसर पर बदरीनाथ धाम में धार्मिक आस्था और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।

