चमोली : गौचर में 341 दिव्यांगजनों को मिले कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण

Team PahadRaftar

जयपुर फुट के सहयोग से पांच दिवसीय शिविर का समापन, छह जिलों के दिव्यांगजनों को मिला लाभ

केएस असवाल गौचर : जिला प्रशासन की पहल पर गौचर में आयोजित पांच दिवसीय राज्य स्तरीय दिव्यांग सहायता शिविर में छह जिलों के 341 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण वितरित किए गए। किसी को कृत्रिम पैर से चलने का सहारा मिला तो किसी को कान की मशीन और व्हीलचेयर से जीवन आसान बनाने की उम्मीद जगी। बुधवार को शिविर का समापन हुआ।

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर से चार नवंबर तक पीएमश्री राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज गौचर में शिविर आयोजित किया गया। जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग ने भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति शाखा जयपुर (जयपुर फुट) के सहयोग से यह शिविर लगाया था। इसमें चमोली, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, बागेश्वर और अल्मोड़ा जिले के दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराए गए।

जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने बताया कि शिविर में 53 दिव्यांगजनों को कृत्रिम पैर, आठ को कृत्रिम हाथ, 111 को कान की मशीन, 41 को व्हीलचेयर और 23 को बैसाखी दी गई। इसके अलावा छड़ी, कैलिपर, वॉकर और ईसीआर सहित अन्य सहायक उपकरण भी वितरित किए गए।

लाभार्थियों में चमोली जिले के 271, रुद्रप्रयाग के 24, बागेश्वर के 22, पौड़ी के आठ, टिहरी के दो और अल्मोड़ा के दो दिव्यांगजन शामिल हैं।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। ऐसे शिविर दिव्यांगजनों की जरूरतों को पूरा करने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में मददगार साबित होते हैं। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन के लिए जयपुर फुट की टीम का आभार जताया।

शिविर में दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, पशुपालन, कृषि, स्वास्थ्य और सेवायोजन विभाग की ओर से स्टॉल भी लगाए गए। इनके माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को लाभान्वित किया गया।

समापन समारोह में शिविर के संचालन में सहयोग देने वाले जयपुर फुट के टीम लीडर अनुज लोधी सहित मोतीलाल, मनोज, गजेंद्र, मुकेश, मोहम्मद खालिद, रोहित और विशाल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गैरसैंण के सोबन सिंह, नंदानगर के माधो सिंह और पुष्कर सिंह को कृत्रिम पैर, रुद्रप्रयाग के संजय सिंह को कृत्रिम हाथ, रेखा देवी और दीपा देवी को कान की मशीन तथा पुष्कर राम और ममता देवी को व्हीलचेयर प्रदान की गई।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, जयपुर फुट के कोऑर्डिनेटर चंद्रशेखर भंसाली, राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड के सदस्य बृजमोहन नेगी और गणेश मिश्रा, प्रधानाचार्य केएस बिष्ट, हेम मिश्रा सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

You May Like