ऊखीमठ : केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, बाबा की उत्सव डोली ऊखीमठ रवाना

Team PahadRaftar

13 नवंबर को ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होंगे बाबा केदार, छह माह तक यहीं होगी शीतकालीन पूजा

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार 11 नवंबर को प्रातः 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का विधिवत समापन हो गया। इसके बाद भगवान केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हुई।

कपाट बंद होने की प्रक्रिया बुधवार तड़के चार बजे विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू हुई। निर्धारित परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद शुभ मुहूर्त में सुबह 8:30 बजे मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए। इस दौरान पूरा केदारनाथ धाम बाबा केदार के जयकारों से गुंजायमान रहा। कपाट बंद होने के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे थे।

इस अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, बीकेटीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रांगड, पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी अवनी तिवारी, चौकी प्रभारी केदारनाथ मुकेश डिमरी सहित प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी, तीर्थ पुरोहित, हक-हकूकधारी और देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु मौजूद रहे।

कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली ने मंदिर परिसर की परिक्रमा की और शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए प्रस्थान किया। बाबा की डोली के धाम से विदा होते ही श्रद्धालुओं ने भावुक मन से जयकारों के साथ उन्हें विदाई दी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोली के साथ धाम से रवाना हुए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बाबा केदार की डोली बुधवार को रामपुर में प्रथम रात्रि प्रवास करेगी। 12 नवंबर को गुप्तकाशी पहुंचेगी और 13 नवंबर को ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होगी। इसके बाद यहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकालीन पूजा-अर्चना शुरू होगी।

अगले छह माह तक बाबा केदार की नियमित पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में संपन्न होंगे। इस दौरान श्रद्धालु शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

Leave a Reply

You May Like