
दूसरे पुरस्कार में अनुराग रावत को एलईडी टीवी और सूरज धरियाल को मिली अलमारी
केएस असवाल गौचर। गौचर के प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठान रावत स्माल इंडस्ट्रीज एवं इंदर कम्युनिकेशन की ओर से आयोजित दीपावली लक्की ड्रा में पनाई गांव निवासी विनोद कुमार ने प्रथम पुरस्कार के रूप में स्कूटी जीतकर बाजी मारी। वहीं पलसारी वार्ड निवासी अनुराग रावत ने एलईडी टीवी और बंदरखंड निवासी सूरज धरियाल ने तीसरे पुरस्कार के रूप में अलमारी अपने नाम की।

व्यापारिक प्रतिष्ठान के प्रबंधक विपुल रावत की पहल पर पिछले एक माह से आयोजित इस लक्की ड्रा में पांच हजार रुपये तक की खरीदारी पर ग्राहकों को कूपन दिए जा रहे थे। योजना के तहत प्रथम पुरस्कार स्कूटी, द्वितीय पुरस्कार एलईडी टीवी, तृतीय पुरस्कार अलमारी और दस अन्य प्रतिभागियों के लिए कंबल रखे गए थे। आकर्षक पुरस्कारों के चलते चमोली के साथ ही रुद्रप्रयाग और पौड़ी जनपद से भी बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिष्ठान से खरीदारी की।
पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश नेगी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक अनिल नौटियाल ने ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते दौर में स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहित करने की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन स्थानीय दुकानदारों के प्रति ग्राहकों का भरोसा बढ़ाने में मददगार साबित होंगे। अन्य व्यापारियों को भी ऐसी पहल करनी चाहिए।
पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश नेगी ने कहा कि विपुल रावत ने व्यापार के क्षेत्र में अभिनव प्रयोग किया है, जिसकी सराहना की जानी चाहिए। उन्होंने अगली बार पुरस्कार के रूप में कार रखने का सुझाव भी दिया।
कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष संदीप नेगी, व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, लोक कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष सुनील पंवार, गौ सेवा आयोग के सदस्य अनिल नेगी और भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पवित्रा बिष्ट सहित अन्य वक्ताओं ने ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय दुकानदारों के कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
कार्यक्रम संयोजक विपुल रावत ने कहा कि लक्की ड्रा को क्षेत्र के साथ ही दूर-दराज के लोगों का भी अच्छा प्रतिसाद मिला है। उन्होंने खरीदारी करने वाले ग्राहकों, कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों और पुरस्कार जीतने वाले सभी प्रतिभागियों का आभार जताया।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की नगर मंडल अध्यक्ष सरोजिनी भंडारी, अधिवक्ता रघुबीर बिष्ट, धनंजय सेमवाल, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष वीरपाल रावत सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन दुवा के ग्राम प्रधान महावीर रावत और राहुल बिष्ट ने संयुक्त रूप से किया।

