तीर्थयात्रियों को मिलेगी राहत! ऊखीमठ में पार्किंग और सुविधाओं पर जोर
ऊखीमठ को धर्म नगरी बनाने की पहल तेज, मुख्यमंत्री से मिली सकारात्मक सहमति
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर ऊखीमठ नगर क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए। उन्होंने क्षेत्र को धर्म नगरी के रूप में विकसित करने की मांग रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया।

मुलाकात के दौरान उन्होंने बताया कि ऊखीमठ धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जहां वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। हालांकि, आधारभूत सुविधाओं की कमी के चलते उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में योजनाबद्ध विकास से न केवल तीर्थयात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने विशेष रूप से ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के आसपास सहित नगर के तीन प्रमुख स्थानों पर पार्किंग निर्माण की मांग रखी। उन्होंने कहा कि बढ़ती वाहनों की संख्या के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिसे व्यवस्थित पार्किंग से काफी हद तक सुधारा जा सकता है।
इसके अलावा साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया, ताकि तीर्थयात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके और क्षेत्र की धार्मिक पहचान और मजबूत हो।
मुख्यमंत्री धामी ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तीर्थ स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

