चमोली : थराली सीएचसी की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर फूटा युवाओं का गुस्सा, अनिश्चितकालीन धरना शुरू

Team PahadRaftar

अल्ट्रासाउंड मशीन और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति समेत पांच मांगों को लेकर अस्पताल परिसर में डटे युवा, मुख्यमंत्री की घोषणा पर अमल नहीं होने से नाराजगी

गिरीश चंदोला थराली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली को लेकर स्थानीय युवाओं का आक्रोश बढ़ गया है। अल्ट्रासाउंड मशीन लगाने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और अस्पताल के उच्चीकरण समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर थराली युवा संघर्ष समिति ने अस्पताल परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। धरने में भाजयुमो मंडल अध्यक्ष संजय जोशी और मंडल उपाध्यक्ष कैलाश जोशी समेत कई युवा शामिल हुए। युवाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग उठाई।

युवाओं का कहना है कि थराली सीएचसी में लंबे समय से स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं होने से गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। वहीं विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के चलते मरीजों को बेहतर उपचार नहीं मिल पा रहा है। गंभीर स्थिति में मरीजों को अन्य अस्पतालों के लिए रेफर करना पड़ता है। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर पूर्व में भी कई बार आंदोलन और प्रदर्शन किए जा चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

युवाओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा का मामला भी उठाया। उनका कहना है कि करीब तीन वर्ष पूर्व चेपड़ो में आयोजित शहीद भवानी दत्त जोशी मेले में मुख्यमंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली को उपजिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने और अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। इसके बावजूद अब तक घोषणा धरातल पर नहीं उतर पाई है।

भाजपा की सरकार में भाजयुमो के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का ही स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए धरने पर बैठना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। आंदोलन को उत्तराखंड क्रांति दल के नेता मोहन राम आर्य ने भी समर्थन दिया। धरना स्थल पर पहुंचे आर्य ने युवाओं की मांगों को जायज बताते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार को जरूरी बताया।

धरने पर बैठे युवाओं ने चेतावनी दी कि जब तक पांच सूत्रीय मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : बदरीनाथ धाम के नर पर्वत पर लगी वनाग्नि पर पाया काबू

शनिवार देर शाम पहाड़ियों में भड़की थी आग, फूलों की घाटी वन प्रभाग की टीम ने सुबह 4:40 बजे तक पाया नियंत्रण संजय कुंवर बदरीनाथ धाम। भू-बैकुंठ नगरी श्री बदरीनाथ धाम के नर पर्वत क्षेत्र में लगी वनाग्नि पर वन विभाग की टीम ने पूरी तरह काबू पा लिया है। […]

You May Like