केएस असवाल गौचर : भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की आठवीं वाहिनी गौचर की ओर से हिमवीरों एवं उनके परिवारों के लिए श्री बदरीनाथ धाम की आध्यात्मिक यात्रा कराई गई। यात्रा में 47 लोगों ने भाग लिया, जिनमें 12 हिमवीर तथा 35 महिलाएं और बच्चे शामिल रहे।

यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और देश की सुख-समृद्धि तथा परिवारों के मंगल की कामना की। कार्यक्रम का उद्देश्य हिमवीरों एवं उनके परिवारों को धार्मिक आस्था से जोड़ने के साथ-साथ पारिवारिक सौहार्द, मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा को बढ़ावा देना था।
आठवीं वाहिनी के कमांडेंट मनोहर सिंह रावत ने कहा कि बल के जवानों और उनके परिवारों का मनोबल बनाए रखना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां मानसिक ऊर्जा देने के साथ पारिवारिक एकता, आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करती हैं।
उन्होंने बताया कि आईटीबीपी हिमवीरों और उनके परिवारों के कल्याण, मनोबल तथा पारिवारिक समन्वय को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर इस तरह के प्रेरणादायी एवं कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहता है।
