
सेना के चिकित्सा शिविर में लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, बैंड की धुनों ने बांधा समां
केएस असवाल गौचर : 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले में आयोजित सैनिक सम्मेलन में पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान देश की रक्षा में उनके योगदान को याद करते हुए सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
सांस्कृतिक मंच पर आयोजित सम्मेलन के मुख्य अतिथि कर्नल राजीव बंसल, 9 माउंटेन ब्रिगेड ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के हित में कई योजनाएं संचालित कर रही हैं। पूर्व सैनिक इन योजनाओं की जानकारी लेकर इनका अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने वीरांगनाओं को सम्मानित करते हुए उनके त्याग और योगदान को नमन किया।
सम्मेलन में सेकेंड इन कमान अधिकारी ओमबीर सिंह सहित बीरपाल, ओमप्रकाश मिश्रा, शिशुपाल सिंह, मातवर सिंह कनवासी, जीत सिंह चौहान, सुरेंद्र सिंह कनवासी और उमराव सिंह बिष्ट समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं वीरांगनाएं मौजूद रहे।
वहीं, सेना की ओर से आयोजित चिकित्सा शिविर में लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। सेना के जवानों ने बैंड की शानदार प्रस्तुतियों से मेले में पहुंचे लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

