बदरीनाथ : अन्नकूट उत्सव के बाद शीतकाल के लिए बंद हुए आदि केदारेश्वर मंदिर के कपाट

Team PahadRaftar

बदरीनाथ धाम में पंच पूजा के दूसरे दिन निभाई गई धार्मिक परंपरा, रावल ने भगवान आदि केदारेश्वर को अर्पित किया अन्नकूट भोग

संजय कुंवर 

बदरीनाथ धाम। बदरीनाथ धाम में शीतकालीन पूजा की तैयारियों के बीच धार्मिक परंपराओं का निर्वहन जारी है। शुक्रवार को पंच पूजा के दूसरे दिन तप्तकुंड के समीप स्थित भगवान आदि केदारेश्वर मंदिर के कपाट विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इससे पूर्व मंदिर में पारंपरिक अन्नकूट उत्सव आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान के दर्शन किए। इस दौरान आदि शंकराचार्य मंदिर के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद किए गए।

बदरीनाथ धाम के मुख्य पुजारी रावल अमरनाथ नंबूदरी ने भगवान आदि केदारेश्वर को अन्नकूट भोग अर्पित किया। परंपरा के अनुसार भगवान आदि केदारेश्वर और उनके वाहन नंदी की प्रतिमा पर पके हुए चावल का लेप लगाया गया। इसके साथ ही आदि शंकराचार्य को भी अन्नकूट भोग अर्पित किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद यात्रा काल की अंतिम आरती संपन्न हुई।

इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और भोले बाबा के जयकारों के बीच धर्माधिकारी की उपस्थिति में भगवान आदि केदारेश्वर मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के दौरान श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान से सुख-समृद्धि की कामना की।

बदरीनाथ धाम में भगवान बदरी विशाल के कपाट बंद होने से पहले पंच पूजाओं की परंपरा निभाई जा रही है। इसी क्रम में 16 नवंबर को रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे।

Leave a Reply

Next Post

गौचर : तिब्बत व्यापार से शुरू हुआ सफर, आज उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान है गौचर मेला

1943 में ऊन और नमक के कारोबार से पड़ी थी ऐतिहासिक मेले की नींव, 83 वर्षों में बदला स्वरूप; 14 नवंबर से सजेगा 74वां गौचर मेला, सात दिन तक दिखेगा पहाड़ की परंपरा, संस्कृति और विकास का संगम केएस असवाल | पहाड़ रफ्तार गौचर : अलकनंदा के तट पर बसा गौचर […]

You May Like