
सात सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन जारी, कांग्रेस के पूर्व विधायक समेत विपक्षी नेताओं के नहीं पहुंचने पर उठाए सवाल
गिरीश चंदोला थराली (चमोली)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली में बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अस्पताल में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर थराली युवा संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहा धरना चौथे दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने दो टूक कहा कि जब तक अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते, आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलनकारियों की सात सूत्रीय मांगों में अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने, विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्टाफ नर्सों की नियुक्ति तथा एक्स-रे टेक्नीशियन की तैनाती प्रमुख रूप से शामिल हैं। उनका कहना है कि थराली, देवाल और नारायणबगड़ विकासखंडों की बड़ी आबादी उपचार के लिए इसी अस्पताल पर निर्भर है। इसके बावजूद पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं होने से मरीजों को दूसरे अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ रही है। गंभीर मरीजों को रेफर करना मजबूरी बना हुआ है।
विपक्ष की गैरमौजूदगी पर उठाए सवाल
धरने के चौथे दिन आंदोलनकारियों ने विपक्षी कांग्रेस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता से जुड़े इतने महत्वपूर्ण मुद्दे पर कांग्रेस के पूर्व विधायक जीतराम समेत अन्य प्रमुख विपक्षी नेताओं का आंदोलन स्थल पर नहीं पहुंचना दुर्भाग्यपूर्ण है। आंदोलनकारियों ने सवाल किया कि जब जनता बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है तो विपक्षी नेता उसका समर्थन करने क्यों नहीं पहुंच रहे हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन को समर्थन देने के बजाय बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।
भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री अभिषेक मिश्रा, थराली युवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय जोशी और नरेंद्र कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग किसी राजनीतिक दल विशेष से जुड़ी नहीं है। यह पूरे क्षेत्र की जनता के हितों का सवाल है। सभी जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आंदोलन का समर्थन करना चाहिए।
जागर और लोकगीतों से उठाई स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग
धरना स्थल पर चौथे दिन लोक-संस्कृति के माध्यम से भी शासन-प्रशासन तक आवाज पहुंचाई गई। काकड़ा गांव की गंगा देवी ने जागर गाकर क्षेत्र की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का ध्यान खींचा। वहीं किमनी गांव की देवकी सोनियाल ने लोकगीतों के माध्यम से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का मुद्दा उठाया। दोनों महिलाओं ने पारंपरिक लोक विधाओं के जरिए अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की।
धरने में सुनीता देवी, अनीता देवी, संजय राणा, आनंद सिंह, उमेश देवराड़ी, भरत सिंह, योगेश देवराड़ी, अंकुर देवराड़ी, दीपक जोशी, प्रेम बल्लभ और नरेंद्र कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।
