
गोपेश्वर बस स्टैंड पर जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता, 30 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान
गोपेश्वर : भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को नगर कांग्रेस कमेटी गोपेश्वर की ओर से नगर अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह गरोड़िया के नेतृत्व में जिला मुख्यालय के बस स्टैंड पर विशेष हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत चार मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए लोगों से हस्ताक्षर कराए।
अभियान के दौरान लगाए गए बैनर और पंपलेट पर स्थानीय लोगों ने हस्ताक्षर कर कांग्रेस के अभियान में भागीदारी की। नगर अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह गरोड़िया ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 10 से 30 नवंबर तक प्रदेशभर में विशेष हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, गणेश जोशी और धन सिंह रावत के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर जनता के बीच अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस अपनी आवाज बुलंद कर रही है और आमजन को इन मुद्दों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, महिला जिलाध्यक्ष ऊषा रावत, जिला मीडिया प्रभारी गोविंद सिंह सजवाण, जिला कोषाध्यक्ष कुंवर सिंह भंडारी, पूर्व नगर अध्यक्ष योगेंद्र बिष्ट, नगर महिला अध्यक्ष विजया कंडारी, राकेश बिष्ट, जयवीर नेगी, प्रदीप नेगी, सत्येंद्र पुंडीर, विक्रम शाह, शिवांग भट्ट, ऊषा फर्स्वाण, जगत लाल, महेंद्र नेगी, पार्षद उमेश सती, मुकुल बिष्ट, सावित्री कोहली, वीना रावत, अंजलि पोखरियाल, विक्रम नेगी, सोहन आर्य और हीरा लाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
