ऊखीमठ : मंदाकिनी शरदोत्सव में स्थानीय कलाकारों ने बिखेरे लोक संस्कृति के रंग, देर शाम तक झूमे दर्शक

Team PahadRaftar

कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी रहे मुख्य अतिथि, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ : पांच दिवसीय मंदाकिनी शरदोत्सव एवं कृषि औद्योगिक विकास मेले के चौथे दिन स्थानीय कलाकारों के नाम रहा। कलाकारों ने गढ़वाली लोकगीतों, मांगल गीतों, झुमेलो और पारंपरिक लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियों से मंदाकिनी घाटी की समृद्ध लोक संस्कृति के रंग बिखेरे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग मेला पांडाल पहुंचे। देर शाम तक लोकगीतों और लोकनृत्यों की धूम रही।

मेले के चौथे दिन कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पहाड़ की परंपराओं, रीति-रिवाजों और सामाजिक जीवन पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने कहा कि मेले हमारी लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों के कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि कृषि एवं औद्योगिक विकास मेले काश्तकारों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार का अवसर देने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने कहा कि मंदाकिनी शरदोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन मिलने के साथ नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए समिति की सराहना की।

मेले में विभिन्न विभागों और स्थानीय उद्यमियों की ओर से लगाए गए स्टाल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। कृषि, उद्यान, ग्रामीण स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों से जुड़े स्टालों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं और स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी जा रही है।

मेला अध्यक्ष हर्षवर्धन बेजवाल ने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, कलाकारों, सहयोगियों और क्षेत्रीय जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मेले का उद्देश्य क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ कृषि, स्थानीय उत्पादों, पर्यटन और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने आयोजन की रौनक बढ़ाई है।

इस अवसर पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक खत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष वाचस्पति सेमवाल, जिला पंचायत सदस्य गंभीर बिष्ट, निर्मला बहुगुणा, भाजपा केदारनाथ मंडल अध्यक्ष सुभाष रावत, किरन शुक्ला, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमन जमलोकी, सुशीला बिष्ट, सरला भट्ट, नरेंद्र रौथाण, श्रीनंद जमलोकी, ओम प्रकाश बहुगुणा, सुमन सिंह रौथाण, आरती रावत, मेला संयोजक विक्रम सिंह नेगी, सचिव रमेश बेजवाल, पृथ्वी पाल रावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र भंडारी, वीरांगना संगठन अध्यक्ष माधुरी नेगी, तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित गीता रावत सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : पोखरी में जंगली जानवरों के आतंक के खिलाफ सड़कों पर उतरे ग्रामीण, 11वें दिन स्थगित हुआ आंदोलन

विशाल आक्रोश रैली में उमड़ा जनसैलाब, विधायक लखपत बुटोला ने भी दिया समर्थन; डीएफओ ने एक सप्ताह में कार्रवाई का दिया भरोसा केएस असवाल पोखरी (चमोली)। पोखरी क्षेत्र में भालू सहित अन्य जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा गुरुवार को सड़कों पर फूट पड़ा। तहसील परिसर […]

You May Like