चमोली : 14 नवंबर से सजेगा गौचर मेला, सात दिन तक लोक संस्कृति और खेलों की रहेगी धूम

Team PahadRaftar

20 नवंबर को होगा 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले का समापन, पांडवाज बैंड और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

केएस असवाल गौचर। चमोली जिले के ऐतिहासिक गौचर मेले का आगाज 14 नवंबर से होने जा रहा है। सात दिवसीय 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले में इस बार लोक संस्कृति, खेलकूद, स्थानीय उत्पादों और विभागीय गतिविधियों की धूम रहेगी। 20 नवंबर तक चलने वाले मेले में प्रतिदिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ जनजागरूकता गोष्ठियां और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। पांडवाज बैंड, उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक कलाकारों और पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां मेले का मुख्य आकर्षण रहेंगी।

मेले का शुभारंभ 14 नवंबर को सुबह सात बजे रावल देवता पूजन और 7:30 बजे प्रभात फेरी के साथ होगा। इसके बाद ध्वजारोहण, मार्च पास्ट और सलामी दी जाएगी। पहले दिन बालक-बालिकाओं की दौड़, शिशु प्रदर्शनी और नेहरू चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी। शाम को शिक्षण संस्थानों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और लोकनृत्य होंगे, जबकि रात्रि में वीर भड़ माधो सिंह भंडारी पर आधारित गीत-नृत्य नाटिका का मंचन किया जाएगा।

लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों से सजेगी सांस्कृतिक संध्या

15 नवंबर को योग शिविर, खेल प्रतियोगिताओं के साथ पर्यावरण संरक्षण, वन विभाग की जनजागरूकता गोष्ठी और व्यापार मंडल की बैठक होगी। सांस्कृतिक संध्या में लोकगायक अरविंद कुमार, पवन लोभियाल, अनिल रावत, लोक जागर गायिका डॉ. पम्मी, नवल और रोहित चौहान सहित अन्य कलाकार प्रस्तुति देंगे।

16 नवंबर को कृषि, उद्यान और औद्योगिक विकास से जुड़ी गतिविधियों पर फोकस रहेगा। समाज कल्याण विभाग की योजनाओं पर गोष्ठी, किसान गोष्ठी और औद्योगिक विकास संबंधी चर्चा होगी। शाम को कवि सम्मेलन, हास्य नाटिका और लोकगायक साहब सिंह रमौला, अमित खरे एवं स्वाति की प्रस्तुतियां होंगी।

17 नवंबर को उद्यान विभाग की योजनाओं पर गोष्ठी और पंच सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अनुराग शाह, विमल बिष्ट, हिमांशु डबरियाल, अभिषेक एवं उनकी टीम के साथ हिमनाद बैंड प्रस्तुति देंगे। लोकगायक विवेक नौटियाल और मंजू नौटियाल भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

पत्रकार सम्मान समारोह और पूर्व सैनिक सम्मेलन भी होगा

18 नवंबर को पूर्व सैनिक एवं गौरव सेनानी सम्मेलन के साथ आईटीबीपी जोशीमठ बैंड की प्रस्तुति होगी। इस दिन पत्रकार सम्मेलन और पत्रकार सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक जागरूकता गोष्ठी तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सम्मेलन होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में संकल्प खेतवाल, अज्जू तोमर और मनोज सागर सहित अन्य कलाकार प्रस्तुति देंगे।

19 नवंबर को खेल प्रतियोगिताओं के फाइनल मुकाबले होंगे। इसके साथ भाषण प्रतियोगिता, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती पर गोष्ठी और महिला सशक्तिकरण सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। शाम को उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध बैंड के साथ पांडवाज बैंड की सांस्कृतिक संध्या सजेगी।

20 नवंबर को यशपाल आर्य करेंगे मेले का समापन

मेले के अंतिम दिन 20 नवंबर को मुख्य अतिथि यशपाल आर्य का स्वागत किया जाएगा। लोकगायिका सरिता बैनोला की प्रस्तुति के साथ पौराणिक ढोल वादन, भैरव नृत्य जागरी और नारंगी नंदानगर (घाट) की सांस्कृतिक कला मंच समिति के कार्यक्रम होंगे। अपराह्न एक बजे मुख्य अतिथि मेले का विधिवत समापन करेंगे।

मेले के दौरान प्रतिदिन सुबह योग शिविर और खेल प्रतियोगिताओं के साथ विभिन्न विभागों की गोष्ठियां आयोजित होंगी। गौचर मेला क्षेत्र की व्यापारिक गतिविधियों को गति देने के साथ ही स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक कला और लोक संस्कृति को मंच प्रदान करता है। जिला प्रशासन और मेला समिति ने क्षेत्रवासियों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और पर्यटकों से मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।

Leave a Reply

You May Like