चमोली : डॉ. सलीम अली की जयंती पर पक्षी अवलोकन कर दी श्रद्धांजलि, संरक्षण के लिए किया जागरूक

Team PahadRaftar

राष्ट्रीय पक्षी अवलोकन दिवस पर ज्योतिर्मठ की विभिन्न साइटों पर जुटे पक्षी प्रेमी, युवाओं को पक्षियों की प्रजातियों और प्राकृतिक आवासों के संरक्षण का दिया संदेश

पहाड़ रफ्तार समाचार टीम, चमोली। राष्ट्रीय पक्षी अवलोकन दिवस पर बृहस्पतिवार को ज्योतिर्मठ क्षेत्र में पक्षी प्रेमियों ने भारत के प्रसिद्ध पक्षी विज्ञानी डॉ. सलीम अली की जयंती पर उन्हें अनूठे अंदाज में श्रद्धांजलि दी। बर्ड वाचिंग क्लब औली के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पक्षी प्रेमियों ने विभिन्न स्थलों पर बर्ड वाचिंग कर पक्षियों का अवलोकन किया और उनके संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के तहत नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क ज्योतिर्मठ क्षेत्र की एफआरएच बर्ड वाचिंग साइट, इंद्रा प्वाइंट, सुनील, औली, मनौटी और टीवी टावर क्षेत्र में पक्षी अवलोकन किया गया। इस दौरान पक्षी प्रेमियों ने विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों की गतिविधियों को करीब से देखा और उनके प्राकृतिक आवासों के महत्व की जानकारी साझा की। साथ ही युवाओं को पक्षियों के संरक्षण और बर्ड वाचिंग के प्रति जागरूक किया गया।

बर्ड वाचिंग क्लब औली के अध्यक्ष एवं बर्ड एक्सपर्ट संजय कुंवर ने कहा कि पक्षी प्रकृति की सुंदरता और जैव विविधता के महत्वपूर्ण अंग हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि पक्षियों की सुरक्षा और उनके प्राकृतिक आवासों का संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बर्ड वाचिंग के माध्यम से युवाओं को प्रकृति से जोड़ने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की जरूरत है।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष 12 नवंबर को महान पक्षी विज्ञानी डॉ. सलीम अली की जयंती पर राष्ट्रीय पक्षी अवलोकन दिवस मनाया जाता है। डॉ. सलीम अली को भारत में पक्षी विज्ञान और पक्षी अवलोकन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘बर्डमैन ऑफ इंडिया’ के नाम से जाना जाता है। इस दिवस का उद्देश्य लोगों को पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों, उनके व्यवहार और प्राकृतिक आवासों के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम में विवेक पंवार, जयदीप भट्ट, पंकज सिंह, प्रमोद पंवार, विशाल नंबूरी, रविंद्र कंडारी, महेंद्र सिंह और रघुवीर सिंह नेगी सहित क्षेत्र के कई पक्षी प्रेमियों ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Next Post

गोपेश्वर : 10 साल बाद गंगोलगांव में 13 नवंबर से शुरू होगी पांडव लीला, प्रवासियों की लौटने लगी गांव की राह

गोपेश्वर। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती गंगोलगांव में 10 साल के लंबे अंतराल के बाद 13 नवंबर से पारंपरिक पांडव लीला का आयोजन शुरू होने जा रहा है। गांव की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के लिए होने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है। आयोजन की […]

You May Like