ऊखीमठ : 15 नवंबर से चांदधार में सजेगा पांच दिवसीय तल्लानागपुर महोत्सव, तैयारियां पूरी

Team PahadRaftar

चोपता समेत तल्लानागपुर के पर्यटन स्थलों पर लौटने लगी रौनक, लोक संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। तल्लानागपुर क्षेत्र के चोपता स्थित चांदधार में 15 नवंबर से पांच दिवसीय तल्लानागपुर महोत्सव का आगाज होगा। महोत्सव के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजक समिति ने मंच, पंडाल, विद्युत, ध्वनि समेत अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। महोत्सव को लेकर क्षेत्रीय जनता में खासा उत्साह है। वहीं, आयोजन की दस्तक के साथ ही चोपता समेत तल्लानागपुर के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर भी रौनक लौटने लगी है।

महोत्सव में पांच दिनों तक क्षेत्र की लोक संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों, लोकगीतों और लोकनृत्यों की छटा देखने को मिलेगी। आयोजन के माध्यम से स्थानीय कलाकारों और उभरती प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की पहल भी होगी। स्थानीय व्यापारियों, होटल कारोबारियों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी महोत्सव से बेहतर कारोबार की उम्मीद है।

जिला पंचायत सदस्य चोपता सम्पन्न नेगी ने कहा कि तल्लानागपुर महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और सामूहिक एकजुटता का प्रतीक है। इससे स्थानीय लोक संस्कृति और परंपराओं को व्यापक पहचान मिलेगी। साथ ही युवाओं और प्रतिभाशाली कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की।

महोत्सव समिति के अध्यक्ष ललित मोहन मेवाल ने बताया कि पांच दिवसीय आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महोत्सव को यादगार बनाने के लिए समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सामूहिक रूप से जुटे हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन मनोरंजन के साथ ही सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने का भी माध्यम बनेगा।

समिति के उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह बर्त्वाल ने कहा कि तल्लानागपुर क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था और समृद्ध लोक परंपराओं के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। महोत्सव से इन विशेषताओं को नई पहचान मिलेगी। समिति के सचिव वीरेंद्र कुनियाल ने बताया कि आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

कोषाध्यक्ष यशपाल नेगी ने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। सह सचिव योगम्बर रावत, सह कोषाध्यक्ष गजेंद्र करासी, लक्ष्मण राणा, शंकर नेगी, बृजमोहन नेगी, विजय सजवाण और हरीश बुटोला ने भी क्षेत्रीय जनता से महोत्सव में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।

Leave a Reply

Next Post

बदरीनाथ : अन्नकूट उत्सव के बाद शीतकाल के लिए बंद हुए आदि केदारेश्वर मंदिर के कपाट

बदरीनाथ धाम में पंच पूजा के दूसरे दिन निभाई गई धार्मिक परंपरा, रावल ने भगवान आदि केदारेश्वर को अर्पित किया अन्नकूट भोग संजय कुंवर  बदरीनाथ धाम। बदरीनाथ धाम में शीतकालीन पूजा की तैयारियों के बीच धार्मिक परंपराओं का निर्वहन जारी है। शुक्रवार को पंच पूजा के दूसरे दिन तप्तकुंड के […]

You May Like