
पहाड़ रफ्तार
गौचर। 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले के चौथे दिन बुधवार को आयोजित प्रेस सम्मेलन में जनपद की विभिन्न समस्याओं, विकास कार्यों और विभागीय योजनाओं को लेकर चर्चा हुई। पत्रकारों ने अधिकारियों से सवाल पूछकर जनसमस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर जवाब मांगा।

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौचर के बहुद्देशीय भवन में आयोजित सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पत्रकारों ने एक-एक कर विभागीय अधिकारियों के सामने जनहित से जुड़े सवाल रखे। अधिकारियों ने कई सवालों के जवाब मौके पर दिए। वहीं, आंकड़ों और अभिलेखों से संबंधित जिन प्रश्नों के उत्तर तत्काल उपलब्ध नहीं हो सके, उन्हें जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से लिखित रूप में उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
सम्मेलन की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार शेखर रावत और उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल ने संयुक्त रूप से की। प्रेस क्लब गौचर के अध्यक्ष खुशाल सिंह असवाल ने उपाध्यक्षता की।
एसडीएम अलकेश नौडियाल ने मेले के सफल आयोजन में पत्रकारों के सहयोग के लिए आभार जताया। वरिष्ठ पत्रकार शेखर रावत ने कहा कि पत्रकारिता और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय जरूरी है। पत्रकार जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का माध्यम हैं। सकारात्मक संवाद से जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल हो सकती है।
पत्रकारों ने आगामी वर्षों में प्रेस सम्मेलन को और अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने के लिए सुझाव भी दिए। सम्मेलन के अंत में जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले पत्रकारों का अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला सूचना अधिकारी धीरज कार्की और राजकुमार तिवाड़ी ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर विभिन्न समाचार पत्रों एवं मीडिया संस्थानों के पत्रकार, विभागीय अधिकारी तथा सूचना विभाग के अशोक सेमवाल, पुष्कर और सुरेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

