
यूकेडी ने फूंका चुनावी बिगुल, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की अपील
विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटा यूकेडी, बिलखेत सम्मेलन में भाजपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
पौड़ी | जसपाल नेगी
जनपद पौड़ी के कल्जीखाल ब्लॉक स्थित बिलखेत में रविवार को उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) का महासदस्यता अभियान एवं सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से कमर कसने का आह्वान किया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।
सम्मेलन में यूकेडी नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। यूकेडी नेता केशनानंद आर्य ने कहा कि राज्य गठन के बाद दोनों राष्ट्रीय दलों ने बारी-बारी से शासन किया, लेकिन पहाड़ और स्थानीय जनता के हितों की अनदेखी की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि गलत नीतियों के चलते प्रदेश को भारी नुकसान हुआ और आज भी राज्य आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड साकार नहीं हो पाया है। नेताओं ने मूल निवास और भू-कानून के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि बाहरी लोगों को बसाने की नीतियों से स्थानीय युवाओं के सामने रोजगार का संकट गहराया है, जिससे उन्हें पलायन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
यूकेडी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं और पार्टी को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि पार्टी जिस भी प्रत्याशी को टिकट देगी, उसे जिताने के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करेंगे।
सम्मेलन में केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती, केंद्रीय उपाध्यक्ष समीर मुंडेपी, शांति प्रसाद भट्ट, आशुतोष नेगी, सुनील कोटनाला, लुसून टोडरिया, अरुण नेगी, यश नेगी, यतेंद्र नवानी, जिलाध्यक्ष अर्जुन नेगी, ब्लॉक अध्यक्ष गौरव चंदोला सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

