चमोली : थराली में महिलाओं की रामलीला का दिखा अनूठा रंग, श्रीराम ने तोड़ा शिव धनुष

Team PahadRaftar

थराली में चौथे दिन रामलीला देखने उमड़े दर्शक, महिला कलाकारों के अभिनय ने बटोरी खूब तालियां

गिरीश चंदोला 

थराली (चमोली)। थराली में महिलाओं की ओर से आयोजित रामलीला में भक्ति और लोक संस्कृति के रंग देखने को मिल रहे हैं। नवदुर्गा महिला जागृति रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला के चौथे दिन सीता स्वयंवर का भव्य मंचन किया गया। प्रभु श्रीराम के शिव धनुष भंग करते ही रामलीला परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। महिला कलाकारों के शानदार अभिनय ने दर्शकों का मन मोह लिया।

रामलीला की शुरुआत मंगल गीतों के साथ हुई। इसके बाद माता सीता अपनी सखियों के साथ गौरी पूजन के लिए पहुंचीं। सीता स्वयंवर में एक से बढ़कर एक राजा शिव धनुष उठाने पहुंचे, लेकिन सभी असफल रहे। अंत में गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर प्रभु श्रीराम ने शिव धनुष उठाया और प्रत्यंचा चढ़ाते ही उसे भंग कर दिया। इसके बाद राम-सीता विवाह का प्रसंग मंचित किया गया।

सीता के पात्र में मानसी चंदोला, श्रीराम के पात्र में मोनिका चंदोला, लक्ष्मण के पात्र में प्रेरणा चंदोला और विश्वामित्र के पात्र में कविता चंदोला ने शानदार अभिनय किया। कलाकारों के संवाद और भाव-भंगिमाओं पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं।

खास बात यह है कि इस रामलीला में हनुमान के पात्र को छोड़कर सभी किरदार महिलाएं निभा रही हैं। थराली में महिलाओं की ओर से दूसरी बार रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। रामलीला देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

कमेटी की अध्यक्ष मीना बिष्ट ने बताया कि महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। रामलीला के माध्यम से महिलाओं को अभिनय कला और धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। सभी महिला कलाकार पूरे उत्साह और समर्पण के साथ अपनी भूमिका निभा रही हैं।

Leave a Reply

Next Post

गौचर : सीएम धामी ने किया 74वें गौचर मेले का शुभारंभ, सिमली अस्पताल के समाधान को बनेगी कमेटी

मुख्यमंत्री ने गौचर और गैरसैंण की पेयजल योजनाओं का किया लोकार्पण, प्रेस क्लब भवन के लिए भूमि चयनित करने को कहा केएस असवाल  गौचर। ऐतिहासिक गौचर मेले में शनिवार को उत्सव और लोक संस्कृति के रंग बिखर उठे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर […]

You May Like