
कर्णप्रयाग (चमोली)। कर्णप्रयाग विकासखंड के ग्राम पंचायत तेफना में जंगल में घास लेने गई महिला पैर फिसलने से गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में महिला की मौत हो गई। नंदप्रयाग पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद महिला के शव को खाई से बाहर निकाला। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेफना गांव निवासी सावित्री देवी (36) पत्नी दरवान सिंह रविवार को गांव की दो अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास लेने गई थीं। जंगल में वह दोनों महिलाओं से कुछ दूरी पर अलग होकर घास काट रही थीं। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरी खाई में जा गिरीं।
काफी देर तक जब सावित्री देवी दोनों महिलाओं को दिखाई नहीं दीं तो उन्होंने उनकी तलाश शुरू की। महिला के नहीं मिलने पर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर नंदप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ महिला की तलाश शुरू की।
तलाशी के दौरान महिला के गहरी खाई में गिरने का पता चला। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें खाई से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।
