चमोली : पीपलकोटी में पार्किंग और विद्युत सब स्टेशन की मांग उठाई

Team PahadRaftar

भाजपा नेता अतुल साह ने मुख्यमंत्री व मंत्रियों से की मुलाकात, आईटीआई भवन और राज्य आंदोलनकारियों के प्रमाण-पत्र का मुद्दा भी उठाया

गैरसैंण / चमोली। पीपलकोटी में पार्किंग निर्माण, विद्युत सब स्टेशन की स्थापना और आइटीआइ भवन निर्माण का मामला विधानसभा सत्र के दौरान सरकार के समक्ष उठाया गया। भाजपा के प्रदेश सह संयोजक (व्यवसायिक प्रकोष्ठ) अतुल साह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण और विभिन्न मंत्रियों से मुलाकात कर चमोली जिले की समस्याओं के समाधान की मांग की।

अतुल साह ने पीपलकोटी की पेयजल योजना के लिए धनराशि उपलब्ध कराने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पीपलकोटी चारधाम यात्रा मार्ग का महत्वपूर्ण पड़ाव है। यहां स्थानीय लोगों और व्यापारियों के साथ बदरीनाथ धाम व हेमकुंड साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। ऐसे में नगर में पार्किंग की व्यवस्था और निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए सब स्टेशन की स्थापना जरूरी है।

उन्होंने युवाओं को तकनीकी शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आइटीआइ की भूमि का शीघ्र हस्तांतरण करने और भवन निर्माण के लिए बजट जारी करने की मांग भी उठाई।

आंदोलनकारियों को प्रमाण-पत्र जारी करने की मांग

अतुल साह ने राज्य आंदोलन में भाग लेने वाले उन आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण और प्रमाण-पत्र जारी करने का विषय भी उठाया, जिनके प्रमाण-पत्र अब तक नहीं बन पाए हैं। उन्होंने पात्र आंदोलनकारियों को नियमानुसार प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

इसके अलावा उन्होंने सेलडाला ग्राउंड के विकास और निर्माण कार्यों के लिए जिला योजना से धनराशि उपलब्ध कराने तथा पशुपालकों की सुविधा के लिए पशु चिकित्सालय भवन बनाने की मांग की। स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं को रखते हुए उन्होंने व्यापारिक गतिविधियों को सुगम बनाने और नगर की व्यवस्थाओं में सुधार पर भी जोर दिया।

अतुल साह ने बताया कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों के साथ क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि मांगों पर कार्रवाई होने से पीपलकोटी और आसपास के क्षेत्रों में जनसुविधाओं का विस्तार होगा तथा स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, युवाओं और पशुपालकों को लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

You May Like