चमोली : बीकेटीसी के अस्थायी कर्मचारियों का धरना समाप्त, 15 दिन में मांगों पर कार्रवाई का भरोसा

Team PahadRaftar

मुख्यमंत्री की वन टाइम सेटलमेंट योजना, समान कार्य-समान वेतन और वेतन वृद्धि की मांगों पर गठित उपसमिति देगी रिपोर्ट

संजय कुंवर, बदरीनाथ धाम। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अस्थायी कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर दो सप्ताह से चल रहा धरना मंगलवार को समाप्त कर दिया। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के साथ सकारात्मक वार्ता और 15 दिन के भीतर मांगों पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन वापस लेने की घोषणा की।

बदरीनाथ धाम में हुई वार्ता के दौरान बीकेटीसी अध्यक्ष ने बताया कि अस्थायी कर्मचारियों की मांगों के समाधान के लिए उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और विजय कप्रवाण की अध्यक्षता में उपसमिति गठित की गई है। यह समिति मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की वन टाइम सेटलमेंट की घोषणा पर आगे की कार्रवाई, समान कार्य-समान वेतन और सम्मानजनक वेतन वृद्धि से जुड़े मामलों पर विचार कर 15 दिन में अपनी रिपोर्ट देगी। इसके बाद कर्मचारियों की मांगों के समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी।

अध्यक्ष ने कहा कि अस्थायी कर्मचारियों के हितों की अनदेखी नहीं होगी। बीकेटीसी बोर्ड की 22 मार्च 2025 की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुरूप वेतन निर्धारण के लिए नीति तैयार की जा रही है। शासन और समिति स्तर पर वन टाइम सेटलमेंट से संबंधित कार्रवाई भी विचाराधीन है। इस आश्वासन पर कर्मचारियों ने सहमति जताते हुए धरना समाप्त कर दिया।

वार्ता के दौरान बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, चारधाम यात्रा सलाहकार माधव सेमवाल, वरिष्ठ सदस्य धीरज पंचभैया मोनू, सदस्य राकेश भंडारी और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ मौजूद रहे। कर्मचारियों ने मांगों के समाधान की दिशा में पहल के लिए समिति के पदाधिकारियों का आभार जताया।

बदरीनाथ धाम में यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण

भगवान बदरीविशाल के दर्शन के बाद बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने धाम में यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में चारधाम यात्रा का संचालन किया जा रहा है।

बीकेटीसी के अनुसार, मंगलवार तक बदरीनाथ धाम में 21,33,616 और केदारनाथ धाम में 18,34,857 श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। दोनों धामों में कुल 39,68,473 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि चारधाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 62 लाख पहुंच चुकी थी।

इस अवसर पर प्रभारी अधिकारी राकेश सेमवाल, मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़, अतुल डिमरी, संजय भट्ट, राजदीप सनवाल और राजेश नंबूदरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कर्मचारियों की ओर से वेदपाठी डॉ. अमित बंदोलिया, राजेंद्र पुरोहित, रत्नेश पंवार, मोहन राणा, इंदु देवी, योगिता चौहान और हरीश बिष्ट ने वार्ता में भाग लिया।

Leave a Reply

Next Post

भराड़ीसैंण : 7,844 करोड़ के अनुपूरक बजट में विकास पर जोर, निकायों को 721 करोड़

पूंजीगत मद में 4,164 करोड़ का प्रविधान, सड़क, ऊर्जा और शहरी विकास को मिलेगी अतिरिक्त धनराशि केएस असवाल संवाददाता, गैरसैंण : उत्तराखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 7,844.18 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट तैयार किया है। भराड़ीसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र के लिए प्रस्तावित बजट में बुनियादी ढांचे […]

You May Like