बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने किया शिलान्यास, दिल्ली के गोयल परिवार के सहयोग से संवरेगी वेदवती की तपस्थली
संजय कुंवर, ज्योतिर्मठ। ज्योतिर्मठ के चांई गांव में सोमवार को प्राचीन सीता माता मंदिर के जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने पूजा-अर्चना के साथ कार्य का शुभारंभ किया। दिल्ली के दानदाता दिनेश गोयल एवं सपना गोयल परिवार के सहयोग से मंदिर का पुनर्निर्माण किया जाएगा। लंबे समय से प्रतीक्षित इस कार्य के शुरू होने पर गांव में उत्सव का माहौल रहा।

भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, चारधाम यात्रा सलाहकार माधव सेमवाल, समिति सदस्य राकेश भंडारी और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। मंदिर के पुजारी सुशील डिमरी ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई। गांव पहुंचने पर महिला मंगल दल और ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों ने अतिथियों का पारंपरिक ढोल-दमाऊं और फूलमालाओं से स्वागत किया।
वेदवती की तपस्थली है चांई का सीता माता मंदिर
चांई गांव स्थित प्राचीन सीता माता मंदिर क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। मान्यता है कि यहां राजा कुशध्वज की पुत्री वेदवती ने त्रेतायुग में भगवान विष्णु की तपस्या की थी। पौराणिक कथा के अनुसार, वेदवती ने रावण को श्राप दिया था और बाद में सीता के रूप में जन्म लिया। मंदिर में माता वेदवती के पाषाण स्वरूप के दर्शन होते हैं।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मंदिर के जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण से इसकी प्राचीन धार्मिक महत्ता को संरक्षित करने के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने निर्माण कार्य में सहयोग देने वाले दानदाता परिवार और चांई गांव के लोगों का आभार जताया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी मंदिर का कार्य जल्द पूरा होने की उम्मीद जताई।
धार्मिक विरासत के संरक्षण पर जोर
मंदिर पुनर्निर्माण के लिए दानदाता दिनेश गोयल एवं सपना गोयल परिवार ने सहयोग दिया है। मंदिर के निर्धारित प्रारूप और भव्यता के अनुरूप निर्माण कार्य पर धनराशि व्यय की जाएगी। स्थानीय श्रद्धालुओं और धार्मिक संगठनों ने मंदिर के जीर्णोद्धार की पहल का स्वागत करते हुए बीकेटीसी और दानदाता परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शैलेंद्र पंवार, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, ग्राम प्रधान शंकरलाल, महिला मंगल दल अध्यक्ष रीता देवी, कर्मचारी संघ अध्यक्ष विजेंद्र बिष्ट, जेई गिरीश रावत, मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़, वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश कपरवाण सहित बीकेटीसी के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
नृसिंह मंदिर में दर्शन, धरनारत कर्मचारियों से भी मिले अध्यक्ष
चांई गांव रवाना होने से पहले बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर में दर्शन-पूजन किया और मांगों को लेकर धरने पर बैठे मंदिर समिति के अस्थायी कर्मचारियों से मुलाकात की। उन्होंने कर्मचारियों से वार्ता और समाधान की प्रक्रिया पर विश्वास रखते हुए अनशन स्थगित करने की अपील की।
इससे पहले रविवार को ज्योतिर्मठ पहुंचने पर उन्होंने प्राचीन मठ में शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती से भेंट कर आशीर्वाद लिया। वह रविग्राम सांस्कृतिक समिति की ओर से आयोजित रामलीला मंचन में भी शामिल हुए। चांई गांव में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद बीकेटीसी अध्यक्ष बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हुए, जहां उन्हें यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करना था।
