चमोली : ज्योतिर्मठ में आरएसएस के प्रारंभिक शिक्षा वर्ग का समापन

Team PahadRaftar

50 शिक्षार्थियों ने लिया प्रशिक्षण, ग्रामीणों ने घरों से रोटियां भेजकर निभाई सहभागिता

संजय कुंवर संवाददाता, ज्योतिर्मठ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के ज्योतिर्मठ नगर एवं खंड के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय प्रारंभिक शिक्षा वर्ग का सोमवार को समापन हो गया। 24 से 26 अक्टूबर तक चले वर्ग में 50 शिक्षार्थियों, 11 व्यवस्था कार्यकर्ताओं और आठ शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। वर्ग में स्वयंसेवकों को शारीरिक, बौद्धिक और संगठनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और समाजसेवा का प्रशिक्षण दिया गया।

जिला प्रचारक अमित के मार्गदर्शन में आयोजित वर्ग के समापन सत्र में विभाग प्रचारक प्रमुख शंभू प्रसाद चमोला ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वयंसेवकों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सेवा-भाव और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता विकसित करना है। मुख्य अतिथि विकेश देवरानी ने स्वयंसेवकों से समाज और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण पर जोर दिया।

पांच वार्डों के लोगों ने भेजीं रोटियां

वर्ग के दौरान सामाजिक सहभागिता की मिसाल भी देखने को मिली। डाडो, सुनील, रविग्राम, नरसिंह मंदिर और सिंहधार वार्ड के लोगों ने अपने घरों से प्रतिदिन रोटियां बनाकर प्रशिक्षण में शामिल स्वयंसेवकों के लिए भेजीं। आयोजन में स्थानीय लोगों और प्रतिष्ठानों ने भी सहयोग किया। इनमें विजेंद्रा इलेक्ट्रॉनिक्स, देवरानी ब्रदर्स, अमित सती, बृजेश चौधरी, प्रदीप फर्स्वाण और जयपाल बिष्ट शामिल रहे।

वर्ग कार्यवाह द्रवेश्वर प्रसाद थपलियाल के नेतृत्व में व्यवस्था टोली ने आयोजन का संचालन किया। शंभू प्रसाद चमोला ने सर्व व्यवस्था प्रमुख का दायित्व संभाला। प्रकाश पंवार ने आपूर्ति एवं आवास, विनोद और मनोज ने भोजन एवं वितरण, हरेंद्र और प्रवेश ने सुरक्षा एवं अतिथि व्यवस्था तथा नितिन ने जल, विद्युत एवं ध्वनि व्यवस्था का दायित्व निभाया।

शिक्षक टोली में शारीरिक प्रमुख विपिन, मुख्य शिक्षक भरत सिंह भंडारी, गण शिक्षक रणजीत सिंह, अवतार सिंह और बदरी सिंह नेगी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण दिया। बौद्धिक एवं कार्यालय संबंधी दायित्वों का निर्वहन संतोष, ओमप्रकाश, प्रतीक और अभिषेक नौटियाल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने किया।

समापन पर सर्व व्यवस्था प्रमुख शंभू प्रसाद चमोला ने सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने स्वयंसेवकों से प्रशिक्षण में प्राप्त अनुभवों को दैनिक जीवन में उतारकर समाजसेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया। वर्ग के समापन पर स्वयंसेवकों ने राष्ट्रसेवा और सामाजिक समरसता के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Next Post

ऊखीमठ : रांसी और पर्यटक गांव सारी में गूंजेगी जीतू बगडवाल की अमर गाथा 

मदमहेश्वर घाटी के फापज-बरसाल में नाग नृत्य का शुभारंभ रांसी और पर्यटक गांव सारी में गूंजेगी जीतू बगडवाल की अमर गाथा  लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। मदमहेश्वर व तुंगनाथ घाटियों में शीतकालीन धार्मिक मेलों और पारंपरिक देव आयोजनों के साथ अब लोक संस्कृति की अनूठी छटा भी बिखरने लगी है। घाटी के […]

You May Like