
गौचर में दर्दनाक हादसा, चारधाम यात्रा पर आई महिला श्रद्धालु की बस से कुचलकर मौत
केएस असवाल गौचर। चारधाम यात्रा पर आई उत्तर प्रदेश की एक महिला श्रद्धालु की गौचर मेला ग्राउंड में बस की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा बुधवार सुबह करीब सात बजे हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार बस संख्या DD01 R 9725 के चालक ने बस के अगले दाहिने टायर से महिला को कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर बस सीज कर दी है।
मृतका की पहचान राजकुमारी (67) पत्नी शशिकांत शर्मा निवासी ग्राम पचोखरा, थाना दिलदारनगर, तहसील जमानिया, जिला गाजीपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। बताया गया कि वह 15 मई को परिवार के साथ चारधाम यात्रा पर निकली थीं। ऋषिकेश से वह बस संख्या UK 11PA 4040 से यात्रा कर रही थीं।
पुलिस मामले में पंचायतनामा की कार्रवाई कर रही है। हादसे के समय बस में गुजरात के यात्री सवार थे। गौचर चौकी इंचार्ज मानवेन्द्र गुसाईं ने बताया कि सीज किए गए वाहन में सवार तीर्थयात्रियों को बदरीनाथ भेजने के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था की जा रही है। वहीं अन्य यात्रियों को भी सुरक्षित रवाना किया गया है।

