
व्यसनमुक्त समाज के निर्माण में शिक्षक निभाएं भूमिका : सीईओ
केएस असवाल
चमोली। मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने कहा कि शिक्षक व्यसनमुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें।

वे पीएमश्री विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रभारियों के दो दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यशाला के समापन अवसर पर बोल रहे थे। कार्यशाला में पीएमश्री योजना के क्रियान्वयन, पंचप्राण पुस्तक, एसएनए स्पर्श, वित्तीय मानक, कार्यालय प्रबंधन, वार्षिक कार्य योजना एवं बजट 2026-27, प्रबंध पोर्टल तथा 21वीं सदी के कौशल जैसे विषयों पर जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की समन्वयक सुमन भट्ट ने बताया कि कार्यशाला में जनपद के 20 पीएमश्री इंटर कॉलेज व 5 पीएमश्री प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं प्रभारी शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यशाला में समग्र शिक्षा से पीएमश्री प्रभारी सतीश चमोली, डाटा ऑपरेटर चंडी प्रसाद नौटियाल व प्रियंका डोभाल ने संदर्भदाता के रूप में मार्गदर्शन दिया।
द्वितीय दिवस में राजकीय इंटर कॉलेज गोपेश्वर के प्रधानाचार्य कर्मवीर सिंह, रडुवा चांदनीखाल के प्रधानाचार्य संजय कुमार व प्राथमिक विद्यालय कल्याडी की प्रधानाध्यापिका रजनी नेगी ने अपने विद्यालयों की बेस्ट प्रैक्टिस साझा की।

