चमोली : लार्ड कर्जन ट्रैक से जोड़ने को नए नेचर ट्रैक का निरीक्षण

Team PahadRaftar

ढाक-कुंडी खोला से गुलिंग तक ट्रैकिंग रूट विकसित करने की कवायद तेज

नए नेचर ट्रैक के लिए हुआ स्थलीय निरीक्षण, लार्ड कर्जन ट्रैक से जोड़ने की तैयारी

ज्योतिर्मठ (चमोली) :  ढाक-कुंडी खोला से गलखोली-गुलिंग होते हुए लार्ड कर्जन ट्रैक तक प्रस्तावित नेचर ट्रैक के विकास को लेकर वन विभाग ने स्थलीय निरीक्षण किया है। क्षेत्र पंचायत सदस्य विपिंद्र करणी के ज्ञापन के बाद यह प्रक्रिया आगे बढ़ी।

नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रस्तावित ट्रैकिंग रूट का जायजा लिया। यह मार्ग ढाक, कुंडी खोला, गलखोली और गुलिंग होते हुए खुलारा के पास लार्ड कर्जन ट्रैक से जुड़ेगा।

विपेंद्र केरनी ने बताया कि यह नेचर ट्रैक प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और पक्षी दर्शन के लिहाज से काफी समृद्ध है। इसके विकसित होने से यह ट्रैकिंग के लिए एक बेहतर वैकल्पिक मार्ग साबित हो सकता है। फिलहाल यह रूट विभागीय स्तर पर विकसित नहीं है, हालांकि स्थानीय स्तर पर इसकी जानकारी मौजूद है।

उन्होंने कहा कि यदि ट्रायल के आधार पर इस ट्रैक को शुरू किया जाता है तो ढाक-तुगासी-अखोड़-गेट्ठा-गुलिंग-खुलारा मार्ग पर बढ़ते दबाव को कम किया जा सकेगा। इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को गाइड, पोर्टर, घोड़ा-खच्चर संचालन, होमस्टे व परिवहन के क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिलेंगे।

स्थानीय लोगों का मानना है कि इस ट्रैक के विकसित होने से क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी और पलायन पर भी अंकुश लग सकेगा। अब वन विभाग की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर है।

Next Post

ऊखीमठ : तुंगनाथ धाम यात्रा का सोमवार को मक्कूमठ से होगा आगाज, 22 अप्रैल को खुलेंगे कपाट

लक्ष्मण नेगी  ऊखीमठ। पंचकेदारों में तृतीय केदार के रूप में प्रसिद्ध भगवान तुंगनाथ की यात्रा का शुभारंभ सोमवार से होगा। शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ से भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली कैलाश के लिए रवाना होगी, जबकि 22 अप्रैल को धाम के कपाट ग्रीष्मकाल के लिए श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ […]

You May Like