
सरस्वती विद्या मंदिर ज्योतिर्मठ में वार्षिक परीक्षाफल वितरण समारोह आयोजित
जूनियर वर्ग में सलोनी ने 99 और सीनियर वर्ग में आदर्श रावत ने 91 प्रतिशत अंक हासिल किए
संजय कुंवर
ज्योतिर्मठ : सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ में वार्षिक परीक्षाफल वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शिवेंद्र चौधरी, विशिष्ट अतिथि सरला रतूड़ी और कार्यक्रम अध्यक्ष सरोजनी नौटियाल ने मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शंभू प्रसाद चमोला ने वार्षिक परीक्षाफल की घोषणा करते हुए विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की प्रगति आख्या भी विस्तार से प्रस्तुत की।
समारोह में अतिथियों ने अपने संबोधन में विद्यालय की राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त उपलब्धियों की सराहना की। कार्यक्रम अध्यक्ष सरोजनी नौटियाल ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के जूनियर वर्ग में कक्षा आठ की छात्रा सलोनी ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सीनियर वर्ग में कक्षा नौ के छात्र आदर्श रावत ने 91 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर संस्कृति ज्ञान परीक्षा, शैक्षिक उन्नयन प्रदर्शनी, रंगोली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 200 से अधिक छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
आचार्य प्रकाश पंवार के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। कार्यक्रम में बदरी सिंह नेगी, प्रधानाचार्य शिशु मंदिर ज्योतिर्मठ ने अतिथियों को विद्यालय की ओर से स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
संस्कृति ज्ञान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आचार्य भारत सिंह भंडारी, आशुतोष डोभाल, हरेंद्र सिंह नेगी, संगीता नेगी, मनोज बुटोला, प्रकाश पंवार, चंद्रकला, नितिन भट्ट, आरती नेगी, करिश्मा और रविंद्र को भी सम्मानित किया गया।
इस दौरान विद्यालय की वार्षिक हस्तलिखित पत्रिका ‘ज्ञान ज्योति’ के छठवें संस्करण का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे।

