
नई दिल्ली में आयोजित समारोह में समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए किया गया सम्मानित
चमोली। जनहित और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए चमोली जनपद के वरिष्ठ समाजसेवी ओमप्रकाश डोभाल को ‘विद्या वाचस्पति’ की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ की ओर से नई दिल्ली में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे समाजसेवियों, शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान ओमप्रकाश डोभाल के सामाजिक कार्यों, जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और समाज के विभिन्न वर्गों के लिए किए जा रहे प्रयासों को देखते हुए उन्हें मानद उपाधि प्रदान की गई।
डोभाल समाजसेवा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में उनकी सहभागिता और जनकल्याण के प्रति समर्पण उनकी पहचान रहा है। समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें पूर्व में भी विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं तथा सामाजिक मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। ‘विद्या वाचस्पति’ की मानद उपाधि को उनकी सामाजिक यात्रा की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि पद्मश्री सम्मानित डॉ. अरविंद कुमार पांडेय, कुलपति, केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी; डॉ. इंदु भूषण मिश्रा, कुलपति, पंडित दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ, मथुरा; तथा डॉ. रेखा चौहान, शिक्षा निदेशक, नई दिल्ली सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

