
अंशिका दयाल और अंशिका नेगी का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन, खो-खो व वॉलीबाल में भी चमकीं छात्राएं
ज्योतिर्मठ। खेल मैदान में पीएमश्री राजकीय आदर्श बालिका इंटर कालेज ज्योतिर्मठ की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। चंपावत में आयोजित राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में विद्यालय की अंशिका दयाल और अंशिका नेगी ने अपने-अपने आयु वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। दोनों खिलाड़ियों का चयन अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

अंडर-14 वर्ग में अंशिका दयाल और अंडर-17 वर्ग में अंशिका नेगी उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। अंशिका दयाल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में इंदौर और अंशिका नेगी नई दिल्ली में प्रतिभाग करेंगी।
वहीं, विद्यालय की छात्रा अर्पिता का चयन उत्तराखंड की खो-खो टीम में हुआ है। वॉलीबाल में भी विद्यालय की चार छात्राओं ने राज्य टीम में जगह बनाई है। इनमें श्रद्धा, सृष्टि भुजवाण, दिया भुजवाण और आशिमा शामिल हैं।
छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय के शिक्षकों ने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय उनकी मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास को देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
