डीएम रुद्रप्रयाग संभालेंगे मंदिर समिति का कामकाज, यात्रा व्यवस्थाओं में बेहतर समन्वय की उम्मीद
गोपेश्वर/देहरादून। चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले उत्तराखंड शासन ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा को श्री बदरीनाथ -केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे अब डीएम रुद्रप्रयाग के साथ-साथ मंदिर समिति के कामकाज की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
शासन के इस निर्णय को आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। केदारनाथ धाम रुद्रप्रयाग जिले में स्थित होने के कारण जिलाधिकारी को ही मंदिर समिति की जिम्मेदारी देने से यात्रा संचालन, दर्शन व्यवस्था, प्रोटोकॉल और प्रशासनिक समन्वय में तेजी आने की उम्मीद है।
विशाल मिश्रा को एक सक्षम और सक्रिय अधिकारी माना जाता है। उन्हें केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों और यात्रा प्रबंधन का जमीनी अनुभव भी है। ऐसे में उनकी तैनाती को यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
चारधाम यात्रा के दौरान हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु बदरीनाथ और केदारनाथ धाम पहुंचते हैं। इस दौरान मंदिर समिति पर दर्शन व्यवस्था, मंदिर के आंतरिक प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और प्रोटोकॉल से जुड़ी जिम्मेदारियां रहती हैं। ऐसे में प्रशासन और मंदिर समिति के बीच समन्वय मजबूत होने से व्यवस्थाओं के अधिक प्रभावी होने की उम्मीद है।
शासन के आदेश के अनुसार विशाल मिश्रा तत्काल प्रभाव से अपना नया कार्यभार संभालेंगे। माना जा रहा है कि उनकी प्राथमिकता आगामी चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना होगी।
