चमोली : क्षेत्रीय विकास के मुद्दों को लेकर सांसद अनिल बलूनी से मिले प्रतिनिधिमंडल, वाइब्रेंट विलेज, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं पर हुई चर्चा

Team PahadRaftar

संजय कुंवर गोपेश्वर/नई दिल्ली। चमोली जनपद के एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली स्थित शासकीय आवास पर लोकसभा सांसद अनिल बलूनी से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र की विभिन्न जनहित एवं विकास से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास, सड़क, संचार, स्वास्थ्य और पर्यटन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल ने सांसद के समक्ष मांग रखी कि ढाक वार्ड के अंतर्गत न्याय पंचायत मलारी और न्याय पंचायत तपोवन की सभी ग्राम सभाओं को वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम से जोड़ा जाए, ताकि सीमांत क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल सके। इसके साथ ही दूर-दराज के गांवों में मोबाइल नेटवर्क और दूरसंचार सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नए टावर स्थापित करने की मांग भी उठाई गई।

बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत स्वीकृत लेकिन लंबित सड़क परियोजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारने पर भी चर्चा हुई। वहीं जोशीमठ स्वास्थ्य केंद्र के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने तथा क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने जोशीमठ में बढ़ते यातायात को देखते हुए आधुनिक वाहन पार्किंग निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग रखी। साथ ही सलूड होते हुए औली मोटर मार्ग को स्वीकृति देने का भी अनुरोध किया गया। उनका कहना था कि इस सड़क के निर्माण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही स्थानीय स्तर पर होमस्टे, बागवानी और स्थानीय उत्पादों के विपणन को भी नई दिशा मिलेगी।

सांसद अनिल बलूनी ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में हरीश भंडारी, अजीत कुंवर, प्रदीप भंडारी, नरेंद्र रावत और लक्ष्मण सिंह बुटोला शामिल रहे।

Leave a Reply

You May Like