
सोमवार को 14 हजार तीर्थयात्रियों ने किए बदरी विशाल के दर्शन, कपाट बंद होने से पहले बढ़ी रौनक
संजय कुंवर, बदरीनाथ। बदरीनाथ धाम में कपाट बंद होने से पहले श्रद्धालुओं की आमद बढ़ गई है। सोमवार को करीब 14 हजार तीर्थयात्रियों ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए। इसके साथ ही इस यात्रा सीजन में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगभग 21 लाख 35 हजार पहुंच गई है। धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद होने हैं।
कार्तिक मास में पुण्य लाभ अर्जित करने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। स्थानीय होटल कारोबारी राम नारायण भंडारी के अनुसार, मंदिर में दर्शन के लिए डेढ़ से दो किलोमीटर तक लंबी कतारें लग रही हैं। धाम में मई-जून जैसी रौनक नजर आ रही है। दर्शन के बाद तीर्थयात्री बदरीपुरी के रमणीक स्थलों का भी भ्रमण कर रहे हैं।

